Hajipur News: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान शनिवार को वैशाली जिले के देसरी प्रखंड अंतर्गत पानापुर रघुनाथपुर और रसलपुर हबीब गांव पहुंचे. अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने दोनों गांवों में आयोजित श्रद्धांजलि सभाओं में भाग लेकर दिवंगत आत्माओं के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया.
पूर्व मुखिया नीलम देवी के निधन पर व्यक्त की गहरी संवेदना
रसलपुर हबीब में लोजपा (आर) के प्रदेश महासचिव हरिहर पासवान के आवास पर पहुंचकर चिराग पासवान ने उनकी दिवंगत पत्नी एवं पूर्व मुखिया नीलम देवी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी. उन्होंने शोकाकुल परिवार के सदस्यों से बातचीत की और इस अपूरणीय क्षति पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस कठिन घड़ी में पूरी पार्टी परिवार के साथ खड़ी है.
समर्पित कार्यकर्ता भिखारी पासवान को दी श्रद्धांजलि
इसके उपरांत केंद्रीय मंत्री पानापुर रघुनाथपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के निष्ठावान एवं समर्पित कार्यकर्ता रहे स्वर्गीय भिखारी पासवान के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी. चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं की निष्ठा और मेहनत को कभी नहीं भूलती तथा संगठन के हर कार्यकर्ता और उसके परिवार के सुख-दुख में हमेशा चट्टान की तरह साथ खड़ी रहेगी.
कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस दौरान बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री संजय सिंह, एमएलसी असरफ अंसारी, विधायक महेंद्र राम, अवधेश कुमार सिंह, प्रदेश महासचिव राजकुमार पासवान, युवा प्रदेश महासचिव संतोष शर्मा, संजय चौधरी, रंजन ठाकुर, अजय पासवान, राजकुमार चौधरी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, लोजपा (आर) के पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Also Read: गंगा में बढ़ते पानी के बीच तटबंध पर पहुंचे उमेश कुशवाहा, राहत-बचाव की तैयारियों का लिया जायजा
