Hajipur News : हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के व्यस्त गांधी चौक स्थित रेलवे ट्रैक और टेंपो स्टैंड के समीप सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
टेंपो स्टैंड के पास मिला शव
बताया गया कि सोमवार सुबह गांधी चौक स्थित टेंपो स्टैंड के पास स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति का शव देखा. शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. काफी देर तक जब मृतक की पहचान नहीं हो सकी, तो स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी.
आसपास के लोगों से पुलिस ने की पूछताछ
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से मृतक के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी. इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
गुमशुदगी के मामलों को खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने शव को सदर अस्पताल के मर्चरी में सुरक्षित रखवाया है. मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है. इसके अलावा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.
