Hajipur News : वैशाली जिले के देसरी प्रखंड स्थित आजमपुर शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है. चांदपुरा थाना पुलिस ने चोरी के सामान के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मंदिर से चोरी हुए पीतल के कई धार्मिक सामान बरामद किए गए हैं.
आजमपुर शिव मंदिर चोरी कांड का पुलिस ने किया खुलासा
देसरी प्रखंड के चांदपुरा थाना क्षेत्र स्थित आजमपुर शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है. थानाध्यक्ष शालिनी कुमारी के नेतृत्व में पुलिस ने चोरी के सामान के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
दो आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में कबूला जुर्म
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महनार थाना क्षेत्र निवासी गोलू कुमार और बिदुपुर थाना क्षेत्र के कथौलिया निवासी महेश कुमार पासवान के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी के सामान की बिक्री की बात स्वीकार की.
ग्रामीणों की सतर्कता से खुला पूरा मामला
पुलिस के अनुसार बीते सोमवार की रात मंदिर का ताला काटकर अज्ञात चोरों ने पीतल के झाल, आरती का सामान और पूजा में उपयोग होने वाले अन्य बर्तन चोरी कर लिए थे. इसके बाद बुधवार को एक युवक फिर मंदिर का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान स्थानीय निवासी रंजन सिंह की नजर उस पर पड़ी. उनके शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पीछा कर युवक को पकड़ लिया.
आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ चोरी का सामान
पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवक गोलू कुमार ने स्वीकार किया कि पहले हुई चोरी भी उसी ने की थी और चोरी का सामान महेश कुमार पासवान को बेच दिया था. इसके बाद ग्रामीण दोनों के साथ कथौलिया पहुंचे, जहां महेश कुमार पासवान के घर से मंदिर से चोरी हुआ सामान बरामद हुआ. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सामान जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने बड़ी मात्रा में बरामद किया सामान
चांदपुरा थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार जोड़ी बड़े पीतल के झाल, चार जोड़ी छोटे पीतल के झाल, एक घड़ी, दो घंटे, पीतल का धूपदान तथा 21 पीस पीतल के पूजा बर्तन बरामद किए. बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस जांच में सामने आए अहम तथ्य
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर मामले का सफल खुलासा हुआ. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता तो नहीं थी.
Also Read : हाजीपुुर में जमीन विवाद में पीट-पीट कर युवक को किया अधमरा, सदर अस्पताल रेफर
