हाजीपुर: बिदुपुर में लहरिया कट बाइक चलाना पड़ा भारी, हादसे में किशोर की मौत; तीन घायल

हाजीपुर-महनार मार्ग पर दो बाइक की टक्कर में एक 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Road Accident : हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर बिदुपुर थाना क्षेत्र के बुलनसराय बिदुपुर मिडिल स्कूल के समीप शनिवार दोपहर तेज रफ्तार और लहरिया कट बाइक चलाने के दौरान हादसा हो गया. एक पल्सर बाइक पर सवार चार किशोरों की दूसरे बाइक से टक्कर हो गयी. हादसे में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों को बिदुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर किया गया है.

तेज रफ्तार में लहरा रहे थे बाइक

जानकारी के अनुसार, चारों किशोर एक पल्सर बाइक पर सवार होकर पश्चिम दिशा की ओर तेज रफ्तार में जा रहे थे. बताया गया कि बाइक सवार लहरिया कट मारते हुए जा रहे थे. इसी दौरान पूर्व दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गयी. हादसा इतना जोरदार था कि पल्सर बाइक सवार 14 वर्षीय चंद्रमणि कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.

एक की मौत, तीन गंभीर घायल

घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिदुपुर पहुंचाया. वहां चिकित्सक ने चंद्रमणि कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं तीन अन्य किशोरों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया गया.

मृतक की पहचान बरांटी गांव निवासी धनंजय राय के 14 वर्षीय पुत्र चंद्रमणि कुमार के रूप में हुई है. वह नवम वर्ग का छात्र था. घायलों में मझौली गांव निवासी शंकर राय का 16 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार, रंजीत कुमार का 16 वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमार तथा गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के तेरसिया निवासी जयलाल राय का 16 वर्षीय पुत्र आशिक कुमार शामिल हैं.

दूसरा बाइक सवार फरार

घटना के बाद दूसरा बाइक सवार अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का इंक्वेस्ट तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया. पुलिस दुर्घटना के कारणों और दूसरे बाइक सवार की पहचान करने में जुटी है.

जांच के बाद होगी कार्रवाई

बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि बाइक दुर्घटना में एक किशोर की मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि तीन अन्य घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है. मामले की छानबीन की जा रही है. जांच के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >