महुआ थाना क्षेत्र के मंगरु चौक के पास वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने हेरोइन के साथ बाइक सवार तस्करी के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया. इनसे आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इसकी जानकारी अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में देते हुए एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थ को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में रविवार की शाम सूचना मिली थी कि दो युवक बाइक पर सवार हो कर मादक पदार्थ कही लेकर जा रहे है. इसके बाद थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद के नेतृत्व में मंगरू चौक के पास वाहन जांच अभियान शुरु किया गया. इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखे, जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपित भागने लगे, जिन्हें पुलिस कर्मियों की मदद से पकड़ लिया गया. आरोपितों की तलाशी लेने पर इनके पास से 79 ग्राम हेरोईन बरामद किया गया. पूछताछ में आरोपितों की पहचान कटहरा थाना क्षेत्र के कटहरा चौक निवासी प्रकाश कुमार व कटहरा थाना क्षेत्र के ही हरपुर अररा निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई. पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ बरामद करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर एक बाइक भी जब्त की है. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद सोमवार को इन्हें न्यायिक हिरासत में हाजीपुर भेज दिया गया.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.