बिदुपुर में ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौत के बाद सड़क पर उतरे परिजन, घंटों किया जाम

हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य के निधन से परिजनों में गहरा आक्रोश है.

Road Accident : हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर बिदुपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर स्थित आईटीआई कॉलेज के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. मृतक की पहचान मथुरा पंचायत के हरपुर गोपाल निवासी किसुनदेव पंडित के 25 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है. वह राजमिस्त्री का काम करता था.

काम से घर लौट रहा था युवक

जानकारी के अनुसार, विकास कुमार हाजीपुर की ओर से काम कर बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान कंचनपुर आईटीआई कॉलेज के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर उसके शरीर के ऊपर से गुजर गया. गंभीर चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया.

परिवार का इकलौता कमाने वाला था विकास

बताया गया कि विकास कुमार अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. राजमिस्त्री का काम कर वह पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

मुआवजे की मांग को लेकर शव रखकर किया जाम

पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार सुबह शव परिजनों को सौंपा गया. इसके बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर शव को कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के पास मथुरा गांव के समीप हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क पर बैठ गए. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर और बैरिकेडिंग कर आवागमन बाधित कर दिया. देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया.

शव में साथ रोते बिलखते परिजन व लोगो को समझाती पुलिस | Prabhat Khabar Network

पुलिस के समझाने के बाद हटाया गया जाम

जाम की सूचना मिलते ही बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश पुलिस पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद लोग शांत हुए, जिसके बाद शव को सड़क से हटाया गया और यातायात बहाल कराया गया. पुलिस हादसे में शामिल ट्रैक्टर की पहचान और चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >