टेंट लगाने को लेकर मारपीट नवविवाहिता समेत तीन घायल
Copied link
महनार थाना क्षेत्र के अल्लीपुर हट्टा पंचायत के मोख्तारपुर गांव में बेटी की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं,
महनार.
महनार थाना क्षेत्र के अल्लीपुर हट्टा पंचायत के मोख्तारपुर गांव में बेटी की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गयी, जब टेंट लगाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. बदमाशों द्वारा की गई मारपीट में नवविवाहिता समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद शादी वाले घर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गयी. मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जो इलाके में तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है. घायलों में कालेश्वर पासवान की पत्नी कांति देवी, नवविवाहित पतोह नेहा कुमारी तथा पोता मनोज कुमार शामिल हैं. सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद कांति देवी और मनोज कुमार को सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर किया गया. बाद में कांति देवी की हालत अधिक गंभीर होने पर उन्हें पीएमसीएच पटना भेजा गया. नवविवाहिता भी मारपीट में हुई घायल : बताया गया कि मारपीट के दौरान घर की महिलाएं बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उन्हें भी नहीं बख्शा गया. नवविवाहित पतोह नेहा कुमारी भी हमले में घायल हो गईं. घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. गांव में देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही. पुलिस की मौजूदगी में हुई लड़की की विदाई : घटना की सूचना मिलने के बाद महनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस की निगरानी में शादी की शेष रस्में पूरी कराई गईं तथा लड़की की विदाई कराई गई. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद गांव में हालात सामान्य हो सके. इस संबंध में महनार थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. पीड़ित पक्ष से लिखित शिकायत अथवा जख्मी के फर्द बयान मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.