हाजीपुर: हाईटेंशन तार काटकर चोरी की कोशिश, पुलिस को देखते ही तार लेकर फरार हुए चोर

बेलसर में चोरों ने 33 हजार केवी बिजली लाइन का तार काटकर विभाग को 3.06 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Hajipur Crime News : पटेढ़ी बेलसर थाना क्षेत्र के करनेजी चौर में चोरों ने 33 केवी बिजली लाइन को निशाना बनाकर करीब 0.9 किलोमीटर तार काटकर चोरी कर लिया. चोरों ने बिजली के तीन पीएससी पोल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. बिजली विभाग ने घटना में एनबीपीडीसीएल को करीब 3 लाख 6 हजार 100 रुपये की सामग्री क्षति होने का दावा किया है. पुलिस के मौके पर पहुंचते ही तार काट रहे चोर काटा गया तार लेकर भाग निकले.

पुलिस पहुंची तो तार लेकर भाग निकले चोर

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बुधवार देर रात कनीय विद्युत अभियंता को सूचना मिली कि करनेजी चौर में 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन का तार काटा जा रहा है. सूचना मिलते ही उन्होंने बेलसर पुलिस को जानकारी दी. पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही चोर वहां से भाग निकले. इसके बाद बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.

0.9 किलोमीटर तार और तीन पोल क्षतिग्रस्त

जांच के दौरान 33 केवी वैशाली-बेलसर लाइन का करीब 0.9 सीकेएम तार चोरी होने की बात सामने आई. वहीं, तीन 400 केजी पीएससी पोल भी क्षतिग्रस्त मिले. बिजली विभाग ने चोरी और पोल क्षतिग्रस्त होने से हुई क्षति का आकलन कर कुल 3,06,100 रुपये की सामग्री क्षति बताई है.

चार-पांच अज्ञात समेत दो नामजद

मामले में कनीय विद्युत अभियंता ई. आदर्श कुमार ने बेलसर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. प्राथमिकी में पटेढ़ा जयराम गांव निवासी भोनू कुमार, सूरज साहनी समेत चार-पांच अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है. विभाग ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया है.

ट्रांसफार्मर चोरी में भी सामने आ चुका है नाम

प्राथमिकी में नामजद भोनू कुमार और सूरज साहनी का नाम इससे पहले मुजापकड़ी गांव में ट्रांसफार्मर चोरी के मामले में भी सामने आ चुका है. अब हाईटेंशन लाइन का तार चोरी करने के मामले में दोनों के नाम आने के बाद पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी में कितने लोग शामिल थे और काटे गए तार को कहां खपाने की तैयारी थी.

थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनय पटेल

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >