Hajipur News : मरीज बनकर आये बदमाशों ने बंधक बनाकर की लूटपाट

लालगंज थाना क्षेत्र के दिलावरपुर गांव में एक ग्रामीण चिकित्सक के घर सह क्लिनिक पर सोमवार की रात मरीज बनकर आये बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने लाखों रुपये मूल्य के गहने और नकद रुपये लूट लिये. लूटपाट के दौरान बदमाशों ने पिस्टल का भय दिखाकर ग्रामीण चिकित्सक व उसकी पत्नी तथा कंपाउंडर को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट भी की.

लालगंज. लालगंज थाना क्षेत्र के दिलावरपुर गांव में एक ग्रामीण चिकित्सक के घर सह क्लिनिक पर सोमवार की रात मरीज बनकर आये बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने लाखों रुपये मूल्य के गहने और नकद रुपये लूट लिये. लूटपाट के दौरान बदमाशों ने पिस्टल का भय दिखाकर ग्रामीण चिकित्सक व उसकी पत्नी तथा कंपाउंडर को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट भी की. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की. घटना की जांच के लिए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया. इस संबंध में पीड़ित चिकित्सक डॉ रामनरेश पंडित के कंपाउंडर विजय कुमार ने बताया कि सोमवार की रात करीब 10 बजे वे लोग क्लिनिक और घर बंद करके सोने जा रहे थे, तभी दो बाइकों पर सवार छह लोग पहुंचे और दवा लेने की बात करने लगे. जैसे ही उसने ग्रिल का ताला खोला, सभी बदमाश जबरदस्ती घर में घुस आये और मारपीट करने लगे. एक बदमाश ने पिस्टल के बट से सिर पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया. अन्य बदमाशों ने डॉक्टर और उनकी पत्नी सुमित्रा देवी के साथ भी मारपीट की और पिस्टल का भय दिखाकर घर में रखे नकद रुपये, सुमित्रा देवी और उनकी शादीशुदा पुत्री के सोने के गहने तथा अन्य जेवर लूटकर फरार हो गये. घटना के बाद हमने शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और इलाज के लिए उसे लालगंज बाजार स्थित एक क्लिनिक ले गये. वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हाजीपुर रेफर कर दिया गया. विजय ने बताया कि पुलिस के बुलाने पर वह घर की चाबी लेकर अकेले लौटा है. डॉक्टर और उनकी पत्नी का इलाज हाजीपुर के एक नर्सिंग होम में चल रहा है. लूटे गये गहनों और नकदी की सटीक जानकारी अभी नहीं मिल पायी है.

एफएसएल व डॉग स्क्वायड ने की जांच

घटना की सूचना मिलते ही लालगंज थानाध्यक्ष, प्रशिक्षु आइपीएस अधिकारी शैलजा और सदर टू एसडीपीओ गोपाल मंडल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की. पुलिस आसपास की दुकानों और स्कूलों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. वहीं, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की. डॉग स्क्वायड की टीम ने घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर दिलावरपुर-प्रताप तांड रोड तक गयी, लेकिन इसके बाद सुराग नहीं मिल सका.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >