Tejashwi Yadav in Raghopur : राघोपुर में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने शुक्रवार को कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल से राघोपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया. पुल पर खड़े होकर उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और लोगों की समस्याओं को देखा.
जमीनी स्थिति चिंताजनक और गंभीर
निरीक्षण के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया है. वास्तविक स्थिति चिंताजनक और गंभीर है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा, राहत और बचाव के लिए समुचित उपाय और ठोस व्यवस्था नहीं की गयी है.
'बाढ़ आई नहीं, लाई गयी है'
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में बाढ़ आई नहीं बल्कि लाई गयी है, ताकि भ्रष्टाचारी सैलाब में एनडीए नेता गोता लगा सकें. उन्होंने कहा कि हर वर्ष तटबंध निर्माण, कटाव निरोधी कार्य, आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत-बचाव और शिविरों के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किये जाते हैं.
'हर साल बांध टूटते हैं तो खर्च का हिसाब कौन देगा'
तेजस्वी ने कहा कि डबल इंजन सरकार बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान खोजने में विफल रही है. जब हर साल तटबंधों के नाम पर 4-5 हजार करोड़ रुपये खर्च होते हैं तो फिर हर साल बांध क्यों टूट जाते हैं. उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के पास बाढ़ से निपटने की कोई दीर्घकालिक योजना और दृष्टि नहीं है, जिसके कारण लोगों को हर वर्ष इस आपदा का सामना करना पड़ता है.
