hajipur news.यूपीएससी टॉपर्स और खेल प्रतिभाओं को तेजस्वी ने किया सम्मानित

समारोह में यूपीएससी में सफलता प्राप्त करने वाले प्रिंस राज (रैंक 141), सौरभ सुमन (रैंक 391) और विकास कुमार (रैंक 439) को तेजस्वी यादव ने पुष्पगुच्छ, अंग वस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया

हाजीपुर. शहर के कुशवाहा आश्रम में रविवार को आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने यूपीएससी परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों और खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया. वैशाली जिला राष्ट्रीय जनता दल द्वारा आयोजित इस समारोह में यूपीएससी में सफलता प्राप्त करने वाले प्रिंस राज (रैंक 141), सौरभ सुमन (रैंक 391) और विकास कुमार (रैंक 439) को तेजस्वी यादव ने पुष्पगुच्छ, अंग वस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया. इसके साथ ही, बॉल बैडमिंटन में राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने वाली प्रिया कुमारी और वंदना कुमारी, इंटर कॉमर्स की बिहार टॉपर रौशनी कुमारी और इंटर आर्टस बिहार टॉपर अंकिता कुमारी को भी सम्मानित किया गया. तेजस्वी यादव ने सभी टॉपर्स के माता-पिता को भी अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया. प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि माता-पिता सबसे बड़ी दौलत हैं. वैशाली जिले से तीन युवाओं ने सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त की है. यह जिले के लिए गौरव की बात है. उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों को उनकी कड़ी मेहनत और सफलता के लिए बधाई दी. कहा कि युवाओं की इस सफलता पर राष्ट्रीय जनता दल के सभी लोग गौरवान्वित हैं. उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों से देश और समाज हित में कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की.

इस दौरान, उन्होंने पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरा विपक्ष सरकार के साथ खड़ा है. हम सभी चाहते हैं कि आतंकवाद को जड़ से खत्म किया जाए. कुशवाहा आश्रम में तेजस्वी यादव के आगमन पर वैशाली जिला कुशवाहा संघ के अध्यक्ष आरपी रत्नाकर, महासचिव अनिल चंद्र कुशवाहा आदि ने पुष्पगुच्छ, अंग वस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर महुआ विधायक डॉ मुकेश रौशन, प्रधान महासचिव संजय राय, प्रदेश महासचिव देव कुमार चौरसिया, पूर्व विधायिका प्रेमा चौधरी, विनोद कुमार श्रीवास्तव, मुकेश सिंह, शाहिद जमाल, रवि चौरसिया, पप्पू कुशवाहा, महिला राजद अध्यक्ष सुचित्रा चौधरी आदि लोग मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shashi kant kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >