Hajipur News : महिसौर थाना क्षेत्र के अजीजपुर चांदे गांव में शुक्रवार को पोखर में नहाने के दौरान 13 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान अजीजपुर चांदे गांव निवासी सुरेश सहनी के पुत्र अरुण कुमार के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण जुट गये और स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर को पोखर से बाहर निकाला गया. हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
छात्र की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को विद्यालय परिसर में लेकर पहुंच गये और हंगामा करने लगे. लोगों ने छात्र की मौत के लिए विद्यालय की व्यवस्था और शिक्षकों की लापरवाही को जिम्मेदार बताते हुए सवाल उठाये. हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने विद्यालय के शिक्षकों के साथ मारपीट भी की.
विद्यालय आने के बाद पोखर में जाने का लगाया आरोप
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह अरुण घर से विद्यालय जाने के लिए निकला था. कुछ देर बाद जानकारी मिली कि वह पोखर में डूब गया है. सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसे पानी से बाहर निकाला. लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
परिजनों का आरोप था कि यदि अरुण विद्यालय पहुंचा था, तो वह कक्षा से पोखर तक कैसे पहुंच गया. इसी सवाल को लेकर लोगों ने विद्यालय के शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. शिक्षकों ने इसकी सूचना महिसौर थाना पुलिस को दी.
विद्यालय ने कहा- छात्र की उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज नहीं
वहीं विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि अरुण शुक्रवार को विद्यालय आया ही नहीं था. विद्यालय के उपस्थिति पंजी में भी उसकी उपस्थिति दर्ज नहीं है. शिक्षकों का कहना था कि गांव के कुछ लोगों ने परिजनों को भ्रमित किया, जिसके बाद शव को विद्यालय परिसर में लाकर हंगामा किया गया.
हंगामे के दौरान पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में विद्यालय के कई शिक्षकों के साथ मारपीट की गयी. स्थिति बिगड़ने की सूचना पर महिसौर थानाध्यक्ष चांदनी कुमारी सांवरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और मामले की जानकारी ली.
पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया मामला
पुलिस के पहुंचने के बाद भी कुछ समय तक लोगों का आक्रोश बना रहा. थानाध्यक्ष ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से लोगों को समझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया.
थानाध्यक्ष चांदनी कुमारी सांवरिया ने बताया कि पोखर में नहाने के दौरान किशोर की डूबने से मौत हुई है. परिजनों की ओर से लिखित आवेदन दिया गया है. आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि आक्रोशित लोगों ने कुछ देर हंगामा किया था, जिसे बाद में समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया.
