Hajipur News : हाजीपुर में जमुनी लाल महाविद्यालय में बिहार सरकार की पहल के अनुरूप मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. राज्य सरकार की पहल के तहत प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को आयोजित होने वाले इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं और शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में समाधान करना तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए विद्यार्थियों से सुझाव प्राप्त करना है.
विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता
मौके पर प्राचार्य वीरेंद्र कुमार ने कहा कि विद्यार्थी राष्ट्र के भविष्य हैं और उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान महाविद्यालय की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराकर ही विकसित एवं समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है.
संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है शिविर
शिविर के नोडल पदाधिकारी डॉ. चिरंजीव ने कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर विद्यार्थियों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है. इसके माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जायेगी.
छात्र-छात्राओं ने रखीं समस्याएं
शिविर में छात्र-छात्राओं ने अपनी विभिन्न शैक्षणिक एवं महाविद्यालय से संबंधित समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा. बीडीओ अशोक कुमार ने कहा कि पहली बार सरकार विद्यार्थियों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए एक मंच उपलब्ध करा रही है. इससे विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन संभव होगा तथा समाज में सबका सम्मान और सबका विकास की भावना मजबूत होगी.
अधिकारियों ने दिया आवश्यक मार्गदर्शन
इस अवसर पर सहायक अवर निरीक्षक अरविंद मुखिया, महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी मौजूद थे. उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक मार्गदर्शन दिया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. पूरे शिविर के दौरान विद्यार्थियों के प्रति सहयोग, संवेदनशीलता और सकारात्मक संवाद का वातावरण बना रहा. कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ.
