छात्र के बेहोश होने पर निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती
Hajipur News : वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय गद्दोपुर में बुधवार को शिक्षक की पिटाई से आठवीं कक्षा का एक छात्र बेहोश होकर गिर पड़ा. घटना के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों ने छात्र को महुआ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद होश आने पर उसे घर भेज दिया गया.
छात्रों के आपस में विवाद के बाद शिक्षक पिटाई की
जानकारी के अनुसार, बुधवार को वर्ग संचालन के बाद किसी बात को लेकर आठवीं कक्षा के छात्र निशांत राज को एक अन्य छात्र ने चप्पल फेंककर मार दिया. चप्पल का निशान शर्ट पर लगने के बाद निशांत चापाकल पर शर्ट साफ कर वापस कक्षा में चला गया. आरोप है कि कक्षा में मौजूद शिक्षक संतोष कुमार ने दोनों छात्रों को डांट-फटकार लगाने के बाद पिटाई शुरू कर दी. इसी दौरान निशांत बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा.
पिटाई की सूचना पर परिजन पहुंचे विद्यालय
छात्र के बेहोश होते ही विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई. इसकी सूचना परिजनों को दी गई और छात्र को होश में लाने का प्रयास किया गया. सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए. उपचार के बाद छात्र को होश आया और चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया.
परिजनों और शिक्षकों के बीच हुई कहासुनी
घटना से आक्रोशित परिजन गुरुवार को विद्यालय पहुंचे और मामले की जानकारी ली. परिजनों का आरोप है कि शिक्षक की पिटाई से छात्र बेहोश हुआ. वहीं आरोपी शिक्षक ने मारपीट के आरोप से इनकार करते हुए इसे निराधार बताया. इस दौरान परिजनों और शिक्षकों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही.
पीड़ित छात्र ने क्या बताया
पीड़ित छात्र निशांत राज ने बताया कि कक्षा में शिक्षक ने उसकी पिटाई की, जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा. छात्र के अनुसार, शिक्षक ने दोनों छात्रों की पिटाई की थी.
मां ने लगाया आर्थिक नुकसान का आरोप
निशांत की मां मीना देवी ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद वह बेहोश हो गया. उन्होंने बताया कि छात्र को बेहोशी की हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. मां ने यह भी आरोप लगाया कि उसके गले में पहना हनुमान जी का सोने का लॉकेट गायब हो गया, जिसकी कीमत करीब 18 हजार रुपये थी. उन्होंने इलाज में करीब सात हजार रुपये खर्च होने की बात कही. उनके अनुसार कुल 25 हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई है.
आरोपी शिक्षक ने आरोप को बताया निराधार
आरोपी शिक्षक संतोष कुमार ने बताया कि दोनों छात्रों को अनुशासन का पालन करने के लिए डांट-फटकार लगाई गई थी. इसी दौरान एक छात्र बेहोश हो गया. विद्यालय में ही उसका प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया. शिक्षक ने मारपीट के कारण छात्र के बेहोश होने के आरोप को निराधार बताया.
प्रधान शिक्षक बोले- मामला संदेहास्पद
प्रधान शिक्षक सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि एक सहायक शिक्षक द्वारा बच्चों की पिटाई किए जाने की सूचना मिली है. गुरुवार को छात्र के परिजन विद्यालय पहुंचकर घटना की जानकारी दिए हैं. उन्होंने कहा कि मामला फिलहाल संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है. शिक्षक और परिजनों से बातचीत कर मामले का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा.
Also Read : हाजीपुर में मत्स्यपालकों के लिए पहल, 31 हजार टन से अधिक मछली उत्पादन, 1000 लोगों को मिला रोजगार
