Hajipur News: आगामी श्रावणी मेले के सफल आयोजन और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने पुलिस केंद्र हाजीपुर में यातायात थाने के सभी पुलिसकर्मियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. बैठक के दौरान उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए.
एसपी ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान देवघर एवं अन्य शिवालयों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. उन्होंने पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण, सुगम आवागमन तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार का निर्देश
बैठक में एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को हिदायत दी कि ड्यूटी के दौरान उनका व्यवहार श्रद्धालुओं के प्रति बेहद शालीन, संवेदनशील और संयमित होना चाहिए. उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में पुलिसकर्मियों को धैर्य और सजगता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा.
सतर्कता और अनुशासन के साथ करें ड्यूटी
एसपी शुभांक मिश्रा ने सभी पुलिसकर्मियों से पूरी सतर्कता, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना आवश्यक है.
उन्होंने पुलिस बल को निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी के साथ मुस्तैद रहें और यातायात व्यवस्था को हर हाल में सुचारू बनाए रखें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.
