Hajipur Contractor Murder Case : हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र में ठेकेदार रामनरेश राय की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. पुलिस की कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. वहीं वैशाली एसपी शुभंकर मिश्रा के निर्देश पर हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन किया गया है. टीम CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद रामनरेश राय के शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद परिवार के लोग शव लेकर घर पहुंचे.
एसपी ने गठित की SIT
मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली एसपी शुभंकर मिश्रा ने विशेष जांच टीम का गठन किया है. सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई यानी DIU की संयुक्त टीम बनाई गई है.
CCTV फुटेज से अपराधियों की पहचान
पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज जुटा लिए हैं. इन फुटेज के आधार पर घटना में शामिल अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है.
सुबह हुई थी ठेकेदार की हत्या
पुलिस के अनुसार गुरुवार की सुबह सदर थाना क्षेत्र के नया टोला दिग्घी खुर्द निवासी रामनरेश राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वारदात के बाद स्थानीय थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की.
घटनास्थल पर पहुंचे वैशाली एसपी
घटना की सूचना मिलने के बाद वैशाली एसपी शुभंकर मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और जांच को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें : हाजीपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले ठेकेदार की हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात, जंगल में ले जाकर मारी पांच गोली
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
SIT के गठन के बाद पुलिस टीम ने अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
48 घंटे में गिरफ्तार होंगे आरोपी
दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का इस मामले पर बयान सामने आया है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने घटना को लेकर गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा किसी भी हालत में हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा. दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए संजय सरावगी ने दावा किया कि 48 घंटे में अपराधी को पकड़ लिया जाएगा.
पुलिस जांच में जुटी
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि घटना संवेदनशील है. घटना की जांच होगी तब सच्चाई सामने आएगी. किस कारण से हत्या हुई है. उन्होंने कहा कि, पुलिस जब कड़े कदम उठाती है तो सवाल उठते हैं. पुलिस का अपराधियों में खौफ होना चाहिए.
Also Read : 10 सेकेंड में 5 गोलियां : हाजीपुर में ठेकेदार की निर्मम हत्या का वीडियो आया सामने
