Rajiv Gandhi Jayanti : हाजीपुर के गांधी चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी की 82वीं जयंती मनाई गई. जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
संचार और कंप्यूटर क्रांति को दी नई गति
समारोह में कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश के विकास और युवाओं को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की. उनकी सोच आधुनिक, प्रगतिशील और दूरदर्शी थी. उन्होंने संचार क्रांति, कंप्यूटर तकनीक और शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव की नींव रखी. उनके कार्यकाल में देश में तकनीकी विकास को नई गति मिली.
युवाओं को आगे बढ़ाने पर दिया जोर
जिलाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत में तकनीकी क्रांति के जनक थे. उन्होंने देश को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा और सूचना प्रौद्योगिकी, कंप्यूटर तथा दूरसंचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की. उनके प्रयासों का परिणाम आज देश की तकनीकी प्रगति के रूप में दिखाई दे रहा है. युवाओं को आगे बढ़ाने और देश को आधुनिक बनाने के लिए उन्होंने कई ऐतिहासिक कदम उठाए.
विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का जीवन देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए समर्पित रहा. कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए.कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश महासचिव डॉ. सतीश कुमार सिंह, शंभू कुमार दास, मो. सद्दाम हुसैन, मुकेश रंजन, कुमार गौतम, कैलाश प्रसाद, सानु हैदरी, अंशु कुमार, उपेंद्र यादव, लीटर गोप सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
