Hajipur News : राजापाकर थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव में मंगलवार को 50 वर्षीय व्यक्ति का शव बंद घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. कई दिनों तक घर बंद रहने के बाद जब अंदर से तेज दुर्गंध आने लगी तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही राजापाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में घर का दरवाजा खुलवाया.
फंदे से लटका मिला शव, सड़-गल चुकी थी लाश
घर के अंदर पुलिस को गरीबन पासवान (50), पिता स्व. जगरनाथ पासवान का शव गले में रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला. शव काफी हद तक सड़-गल चुका था, जिससे आसपास के इलाके में दुर्गंध फैल गई थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
ब्रेड बेचकर करते थे जीविकोपार्जन, घर में अकेले रहते थे
ग्रामीणों के अनुसार, गरीबन पासवान फेरी लगाकर ब्रेड बेचकर अपना जीवनयापन करते थे और गांव में अकेले रहते थे. उनके चार पुत्र हैं. इनमें दो पुत्र बेंगलुरु में निजी नौकरी करते हैं, जबकि दो पुत्र महुआ प्रखंड के मरीचा गांव में कोचिंग संस्थान चलाते हैं. उनकी एक पुत्री की शादी हो चुकी है. चारों पुत्र विवाहित हैं और अपने-अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं.
दो वर्ष पहले पत्नी ने भी की थी आत्महत्या
ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले घरेलू विवाद के कारण मृतक की पत्नी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. इसके बाद से गरीबन पासवान अकेले ही गांव के घर में रह रहे थे. पिछले दो-तीन दिनों से वे गांव में दिखाई नहीं दे रहे थे, लेकिन किसी ने घर के अंदर झांककर नहीं देखा.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
घटना के संबंध में अपर थानाध्यक्ष संदीप मंडल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला है और काफी पुराना होने के कारण सड़ने लगा था. उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और विशेष रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
