वैशाली: राघोपुर में 8 वर्षीय अंकुश की अपहरण के बाद हत्या, ऑनलाइन गेम और कर्ज के लिए रची गई थी साजिश; 3 गिरफ्तार

राघोपुर में 8 साल के मासूम अंकुश कुमार के अपहरण और हत्या मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. ऑनलाइन गेम की लत और कर्ज से परेशान दोस्तों ने फिरौती के लिए इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया.

Hajipur kidnapping: राघोपुर थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय मासूम अंकुश कुमार के अपहरण और हत्या मामले का वैशाली पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, मासूम के शव की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम गंगा नदी में लगातार खोजबीन कर रही है. पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने गुरुवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है.

घर के बाहर खेलते समय हुआ था अपहरण

जानकारी के अनुसार राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद निवासी अनिल पंडित का 8 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार घर के दरवाजे पर खेल रहा था. इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया. काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताई और पुलिस को सूचना दी. पुलिस जांच में सामने आया कि अपहरणकर्ताओं ने पहले बच्चे को मोटरसाइकिल से गांव के आसपास घुमाया और बाद में एक घर में बंधक बनाकर रखा.

वीडियो कॉल कर मांगी गई थी फिरौती

अपहरण के बाद आरोपियों ने बच्चे के पिता अनिल पंडित को वीडियो कॉल किया. पहले 10 लाख रुपये और बाद में 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई. पैसे नहीं देने पर बच्चे की हत्या की धमकी भी दी गई. परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद जांच शुरू हुई. इसी बीच आरोपियों को पुलिस कार्रवाई की भनक लग गई.

गंगा नदी में फेंक दिया शव

एसपी ने बताया कि पुलिस जांच की जानकारी मिलने के बाद आरोपियों ने मासूम की हत्या कर दी और शव को कच्ची दरगाह सिक्स लेन पुल के 62 नंबर पाया के पास गंगा नदी में फेंक दिया. घटनास्थल से पुलिस ने बच्चे की चप्पल भी बरामद की है. शव की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है.

ऑनलाइन गेम और कर्ज बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ऑनलाइन गेम की लत और कर्ज के बोझ में दबे दो दोस्तों ने जल्दी पैसा कमाने के लिए अपहरण की साजिश रची थी. फिरौती की रकम हासिल करने के उद्देश्य से बच्चे का अपहरण किया गया था. पुलिस ने रंगदारी मांगने में इस्तेमाल मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद कर लिया है.

एक अन्य आरोपी की तलाश जारी

एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि मामले में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि मामले में सभी साक्ष्य जुटाकर शीघ्र चार्जशीट दाखिल की जाएगी.

पुलिस ने की खोजबीन तेज

गुरुवार सुबह से टीम ने कई किलोमीटर तक नदी में खोजबीन तेज कर दी है. बच्चों के परिवार वालों का रोते-रोते बुरा हाल है. एसपी शुभांक मिश्रा ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे भी गहन जांच की जा रही है और नदी से शव बरामद करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन गेम की लत और अपराध के रास्ते से बचें.

गिरफ्तार आरोपी

  • विशाल कुमार, पिता- मनोज राय, निवासी रामपुर श्यामचंद, थाना राघोपुर, जिला वैशाली.
  • सूरज कुमार, पिता- हरि राय, निवासी रामपुर श्यामचंद, थाना राघोपुर, जिला वैशाली.
  • मनोज राय, पिता- रामसंजीवन राय, निवासी रामपुर श्यामचंद, थाना राघोपुर, जिला वैशाली.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Abhishek Kumar

Published by: Nikhil Anurag

अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >