Hajipur News: वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध कौनहारा घाट के समीप से शुक्रवार को पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है. कौनहारा घाट जैसे व्यस्त और धार्मिक स्थल के पास शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी.
मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत होता था मृतक
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने कौनहारा घाट के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ देखा और तुरंत इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही नगर थाने के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) रंजीत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों से मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया. स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि लगभग 50 वर्ष की आयु का यह व्यक्ति पिछले कई दिनों से कौनहारा घाट के आसपास ही भटकता रहता था. वह मानसिक रूप से विक्षिप्त लग रहा था और स्थानीय लोग ही उसे खाने-पीने की चीजें दे दिया करते थे. शुक्रवार को लोगों ने उसे अचानक मृत अवस्था में देखा.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, पहचान के लिए रखे गए 72 घंटे
नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अगले 72 घंटों के लिए सदर अस्पताल के मर्चुरी हाउस (शवगृह) में सुरक्षित रखा गया है, ताकि उसकी पहचान हो सके. पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत छानबीन कर रही है और आसपास के थानों में भी सूचना भेजकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है.
Also Read: वैशाली में NH 22 पर हादसा: पटेढ़ा में सड़क पार कर रहे अधेड़ को बाइक ने मारी ठोकर, इलाज के दौरान मौत
