Vaishali News : सदर थाना क्षेत्र में दर्ज दहेज हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के घर स्थानीय पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार चस्पाया. पुलिस दल-बल के साथ ढोल-नगाड़े बजाते हुए आरोपी के घर पहुंची और विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत कार्रवाई पूरी की.
दहेज हत्या मामले में आरोपी फरार
पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मामला सदर थाना कांड संख्या-188/26 से संबंधित है. फरार आरोपी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के वारोपुर निवासी मदन मोहन शर्मा के पुत्र गरीबनाथ शर्मा के रूप में हुई है.
ग्रामीणों की मौजूदगी में हुई कानूनी कार्रवाई
सदर थाना पुलिस ने आरोपी के पैतृक आवास पर डुग्गी-ढोल बजाकर और ग्रामीणों की उपस्थिति में न्यायालय का इश्तेहार चस्पाया. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी लोगों को भी दी.
परिजनों को सरेंडर कराने की हिदायत
पुलिस ने आरोपी के परिजनों को निर्देश दिया कि वे उसे जल्द से जल्द माननीय न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कराएं. साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि निर्धारित अवधि के भीतर आरोपी के हाजिर नहीं होने पर उसके घर की कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की जाएगी.
