Hajipur News : राघोपुर. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री संजय सिंह ने रविवार को राघोपुर प्रखंड के कटाव प्रभावित क्षेत्रों का नाव से निरीक्षण किया. मंत्री सिक्स लेन पुल के रास्ते राघोपुर पहुंचे, जहां जगह-जगह लोजपा रामविलास के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. इसके बाद नाव से बहारमपुर, पीर मोहम्मदपुर, पुरुषोत्तमपुर समेत अन्य कटाव प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
कटाव से घर और खेती की जमीन नदी में समा रही
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया. ग्रामीणों ने बताया कि गंगा के लगातार कटाव के कारण उनके घर और खेती की जमीन नदी में समा रही है. इससे लोगों के सामने विस्थापन और रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो रहा है. मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया.
कटाव की रिपोर्ट केंद्रीय मंत्री को सौंपी जाएगी
मंत्री संजय सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर कटाव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया है. निरीक्षण के दौरान मिली कमियों और समस्याओं की पूरी रिपोर्ट केंद्रीय मंत्री को सौंपी जाएगी. उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से भी प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली.
अधिकारियों को तत्काल राहत के निर्देश
संजय सिंह ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रभावित लोगों को तत्काल राहत कैसे पहुंचायी जाए और कटाव को रोकने के लिए क्या कदम उठाये जा सकते हैं, इस पर काम किया जा रहा है. उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कदम उठाने तथा लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकार कटाव प्रभावित लोगों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
निरीक्षण करने के दौरान ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एमएलसी अशरफ अंसारी, भाजपा नमामि गंगे प्रकल्प के प्रदेश सह संयोजक गौतम सिंह, लोजपा रामविलास के प्रखंड अध्यक्ष राम जीवन पासवान, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मंतोष कुमार सिंह, भाजपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष धनंजय सिंह, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष शिव शंकर यादव, राजू राय, मुखिया मानिकचंद राय, गोपाल पासवान, लग्न देव राय, चंद्रकांत सिंह उर्फ लालू सिंह, जेडी यादव, डॉ प्रमोद कुमार समेत एनडीए के दर्जनों स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
