Bijli Chori: बिजली चोरी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत पटेढ़ी बेलसर विद्युत आपूर्ति प्रशाखा की टीम ने चकगुलामुद्दीन पंचायत के कटारु चकमहमद गांव में छापेमारी कर बिजली चोरी का मामला पकड़ा. विभाग की ओर से मामले में बेलसर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है.
मीटर हटाकर डायरेक्ट कनेक्शन से बिजली उपयोग का आरोप
विद्युत विभाग के आवेदन के अनुसार 15 सितंबर को बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया था. इसी दौरान आनंद कुमार सिंह के घर की जांच की गयी. जांच में उपभोक्ता संख्या 12120069661 और स्मार्ट मीटर संख्या N42420325229 का मीटर उखाड़कर बक्से में रखे जाने की बात सामने आयी.
विभाग का आरोप है कि पोल से घर तक आने वाले सर्विस तार में डायरेक्ट कनेक्शन कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था. जांच के दौरान परिसर में कुल 216 वाट का घरेलू विद्युत भार पाया गया.
बिजली विभाग ने 25,764 रुपये की क्षति बतायी
विभाग ने बिजली चोरी के कारण नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) को 25,764 रुपये की आर्थिक क्षति होने का आकलन किया है. इसके अलावा विभागीय आवेदन में 45,765 रुपये का पूर्व बिजली बिल बकाया भी दर्शाया गया है.
इस तरह आवेदन में कुल 71,529 रुपये की राशि का उल्लेख किया गया है.
पीवीसी तार जब्त, थाने में प्राथमिकी के लिए आवेदन
विभाग के अनुसार छापेमारी के दौरान बिजली चोरी में इस्तेमाल किये जा रहे पीवीसी तार को जब्त कर लिया गया. मौके पर जांच प्रतिवेदन और जब्ती सूची भी तैयार की गयी.
इस मामले में कनीय विद्युत अभियंता ई आदर्श ने बेलसर थानाध्यक्ष को आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है.
