Vaishali Bridge Launcher Dropped : वैशाली के लालगंज में निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर/स्ट्रक्चर गिरने के हादसे को लेकर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने निर्माण कंपनी एसपी सिंगला पर गंभीर सवाल उठाए हैं. सांसद ने कहा कि वह कंपनी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे और इस मामले को लेकर लड़ाई लड़ेंगे. उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और कंपनी की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए.
पप्पू यादव ने कंपनी पर बिहार को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए. साथ ही उन्होंने केंद्र और बिहार के नेताओं पर कंपनी से कथित तौर पर बड़ी रकम लेने-देने के गंभीर आरोप लगाए. सांसद के इस बयान के बाद हादसे को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है.
बिहार में पुल नहीं गिरेगा तो और क्या गिरेगा?
पप्पू यादव ने हादसे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "पुल नहीं गिरेगा तो बिहार में और क्या गिरेगा." उन्होंने कहा कि एसपी सिंगला कंपनी के खिलाफ वह सुप्रीम कोर्ट जा रहे हैं और कंपनी को बख्शा नहीं जाएगा.
वैशाली में भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरा, 6 कर्मचारी घायल; दो की हालत गंभीर
सांसद ने आरोप लगाया कि एसपी सिंगला कंपनी ने बिहार को बहुत नुकसान पहुंचाया है. उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्र और बिहार के नेताओं ने कंपनी से बहुत पैसे लिए हैं. इन आरोपों के जरिए पप्पू यादव ने सीधे तौर पर निर्माण कार्यों की निगरानी और उससे जुड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी पर सवाल खड़े किए हैं.
मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी उठाए सवाल
सांसद ने हादसे में मजदूरों के दबने और एक मजदूर की मौत की सूचना मिलने का दावा किया है. हालांकि, मौत की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल सामने नहीं आई है. इसलिए मृतकों की संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.
इस हादसे का सारा अपडेट यहां पढ़े
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
पप्पू यादव ने कहा कि हादसे में अगर निर्माण कंपनी या जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की.
वैशाली के पुल लॉन्चर हादसे में पंजाब-ओडिशा के श्रमिक समेत सात घायल, NHAI ने कहा-सिक्योरिटी का रिव्यू करेंगे
जांच और FIR की मांग
पप्पू यादव ने हादसे की तत्काल जांच कराने और जिम्मेदार ठेकेदारों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है. उन्होंने इंजीनियरिंग से जुड़ी खामियों, निर्माण प्रक्रिया और कंपनी की भूमिका की जांच कराने की बात कही.
एसपी सिंगला कंपनी के खिलाफ लड़ेंगे लड़ाई
सांसद ने साफ कहा कि वह एसपी सिंगला कंपनी के खिलाफ इस मामले को लेकर लड़ाई लड़ेंगे. उनके बयान के बाद अब हादसे की तकनीकी वजह के साथ-साथ निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
लालगंज हादसा: दो गंभीर घायलों को पटना रेफर किया गया, पुल निर्माण साइट के सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
लालगंज में हुए इस हादसे ने बिहार में निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर राजनीतिक बहस को नया मुद्दा दे दिया है. अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि लॉन्चर/स्ट्रक्चर गिरने की वास्तविक वजह क्या थी और इस हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है.
