जिले का समग्र विकास जनसहयोग से : डीएम

शहर के अक्षयवट राय स्टेडियम में बुधवार को वसंत महोत्सव एवं पतंग महोत्सव–2026 का भव्य आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम वर्षा सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया. डीएम ने कहा कि जिले का समग्र एवं सतत विकास जनसहयोग से ही संभव है.

हाजीपुर. शहर के अक्षयवट राय स्टेडियम में बुधवार को वसंत महोत्सव एवं पतंग महोत्सव–2026 का भव्य आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम वर्षा सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया. डीएम ने कहा कि जिले का समग्र एवं सतत विकास जनसहयोग से ही संभव है. जिला प्रशासन आम जनता के सहयोग से कार्य कर रहा है और भविष्य में भी वैशाली जिले के विकास हेतु इस प्रकार के जनहितकारी एवं सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा. . कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा राज्य स्तर पर ‘वसंत महोत्सव एवं पतंग महोत्सव’ की शुरुआत राज्य की समृद्ध लोक परंपरा, कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से की गई है. इन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को सांस्कृतिक रूप से जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराने का सशक्त माध्यम है. डीएम ने बताया कि मकर संक्रांति के अवसर पर यह महोत्सव लगभग 15 दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों में विभिन्न स्वरूपों में आयोजित किया जाता है. वैशाली जिले में इस आयोजन को लेकर आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला. बड़ी संख्या में लोगों ने परिवार सहित कार्यक्रम में भाग लेकर सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता की. महोत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ चित्रकला प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, पतंग प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता एवं हास्य-व्यंग्य कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया. इन प्रतियोगिताओं में जिले के बच्चों एवं युवाओं ने अपनी कला, रचनात्मकता एवं प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. डीएम ने कहा कि इस वर्ष वसंत महोत्सव एवं पतंग महोत्सव का संयुक्त आयोजन कार्यक्रम की भव्यता, आकर्षण एवं जनभागीदारी को और अधिक बढ़ाने वाला रहा है. जिला प्रशासन स्थानीय कलाकारों, युवाओं एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने हेतु भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा. कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए डीएम वर्षा सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत वैशाली जिले की लगभग 5 लाख महिलाओं को 10 हजार की सहायता राशि प्रदान की गई है. साथ ही जीविका दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा नई पहल की जा रही है, जिसके तहत विभिन्न व्यावसायिक इकाइयों को आमंत्रित किया जायेगा, ताकि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके. डीएम वर्षा सिंह के द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं नई पहल की जानकारी देते हुए सबको बताया गया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए वैशाली की नई उड़ान कार्यक्रम प्रारंभ किया जायेगा. जिसके अंतर्गत जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों को करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे. इसके अतिरिक्त विद्यालय से वंचित बच्चों के लिए मस्ती की पाठशाला कार्यक्रम भी शीघ्र प्रारंभ किया जायेगा. महिला साक्षरता पर बल देते हुए इन्होंने कहा कि महिलाओं को साक्षर एवं आत्मनिर्भर बनाने हेतु विशेष प्रयास किए जायेंगे. इस अवसर पर अपर समाहर्ता संजय कुमार द्वारा डीएम को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया. कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPAK MISHRA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >