hajipur name. व्यवसायी को गोली मार कर छह लाख लूटने में शामिल एक बदमाश गिरफ्तार

नगर थाना की पुलिस ने हथसारगंज स्थित केला बागान से हुई बदमाश को गिरफ्तारी, कट्टा, दो जिंदा कारतूस व एक सौ रुपये नकद बरामद

हाजीपुर. नगर थाना की पुलिस ने प्रिवेंटिव पुलिसिंग के तहत अपराध की योजना बनाते एक बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार बदमाश के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस एवं एक सौ रुपये नकद बरामद किया है. पकड़ा गया बदमाश बीते दिनों नगर थाना क्षेत्र के हथसारगंज में एक किराना व्यवसायी को गोली मार कर छह लाख रुपये लूटने और सहदेई थाना क्षेत्र में एक राहगीर से 13 हजार रुपये व सोने की चेन लूट की घटना में शामिल था. पुलिस इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार बदमाश का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास का पता चला है. यह जानकारी सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश ने सोमवार को मीडिया को दी.

सदर एसडीपीओ ने बताया कि बीते रविवार की शाम नगर थाना की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हथसारगंज ओपी क्षेत्र के हथसारगंज में केला बागान में कुछ बदमाश किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए हथियार के साथ जुटे है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी. पुलिस के मौके पर पहुंचते ही सभी बदमाश भागने लगे. एक बदमाश को पुलिस ने खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया गया. पकड़े गए बदमाश की पहचान सहदेई थाना क्षेत्र के दुबहा गांव निवासी दिनेश राय के पुत्र मोनू कुमार के रूप में हुई है. बदमाश के पास से बरामद हथियार के संबंध में पूछताछ करने पर उसने कोई ठोस जवाब नहीं दिया.

साथियों ने आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए बुलाया था

सदर एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि उसके साथियाें ने उसे किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए बुलाया था, लेकिन घटना से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस उससे पूछताछ के आधार पर फरार अन्य बदमाशाें की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. बताया गया कि गिरफ्तार बदमाश बीते 23 फरवरी की रात नगर थाना क्षेत्र के हथसारगंज में किराना व्यवसायी गोपाल कृष्ण को गोली मार कर छह लाख रुपये लूट तथा बीते 11 फरवरी को सहदेई थाना क्षेत्र में एक राहगीर से सोने की चेन, मोबाइल एवं 13 हजार रुपये लूट में भी अपने अन्य साथियाें के साथ शामिल था.

सदर एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके विरुद्ध देसरी थाना में मारपीट, एससी, एसटी, आर्म्स एक्ट तथा लूट के दो मामले पाए गए है. पुलिस इस मामले में अन्य बदमाशों के संबंध में आवश्यक पूछताछ की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >