Hajipur News : हाजीपुर में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को जमुनी लाल महाविद्यालय के एनसीसी कैडेटों ने भव्य जागरूकता रैली निकाली. वन विहार बटालियन एनसीसी के निर्देशन में आयोजित रैली में कैडेटों ने हाथों में तिरंगा लेकर शहर का भ्रमण किया और लोगों को अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया.
देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
एनसीसी पदाधिकारी डॉ. अरुण दयाल के नेतृत्व में निकली रैली के दौरान कैडेटों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता से जुड़े नारों के माध्यम से लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत की. रैली के पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा. नागरिकों ने भी अभियान का उत्साहपूर्वक समर्थन किया.
वंदे मातरम् के साथ लिया संकल्प
रैली के समापन के बाद सभी एनसीसी कैडेटों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया. इस दौरान कैडेटों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा का संकल्प लिया. कार्यक्रम का समापन ‘वंदे मातरम्’ और भारत माता के जयघोष के साथ हुआ.
युवाओं में राष्ट्रभावना मजबूत करने का माध्यम
महाविद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र कुमार ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है. एनसीसी कैडेट समाज में राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.
शिक्षक और कर्मचारी रहे मौजूद
मौके पर शिक्षक डॉ. अरिहंत नचिकेता, डॉ. श्याम किशोर सिंह, डॉ. रजनीश कुमार, डॉ. लावण्या नूपुर, डॉ. निर्मला, डॉ. वैभव, डॉ. स्मृति सौरभ, डॉ. निधि रस्तोगी, डॉ. अनामिका, डॉ. सुमंत, डॉ. धर्मेंद्र, डॉ. चिरंजीवी, डॉ. सुनील कुमार पंडित, डॉ. छोटे लाल गुप्ता, डॉ. विनय कुमार, डॉ. नितिन कुमार सहित कर्मचारी अंकुर भास्कर, विश्वजीत कुमार, विश्वजीत राय, संजय कुमार एवं दीपक कुमार मौजूद थे.
