Vaishali News: हाजीपुर नगर थाना की पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय और शातिर गिरोह का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जढ़ुआ सब्जी मंडी के पास से गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिलें और उनके खुले हुए स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं.
भीड़ के हत्थे चढ़ा मुख्य आरोपी, जेब से मिली मास्टर चाबी
मिली जानकारी के अनुसार, नगर थाना पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि जढ़ुआ सब्जी मंडी के पास एक संदिग्ध युवक को लोगों ने बाइक चोरी करते रंगे हाथों पकड़कर उसकी धुनाई कर दी है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ के चंगुल से आरोपी को मुक्त कराया.
पकड़े गए आरोपी की पहचान रोहित कुमार (निवासी: दाउद नगर, थाना- बिदुपुर) के रूप में हुई. तलाशी लेने पर उसकी जेब से हीरो कंपनी की एक मास्टर चाबी बरामद हुई.
पूछताछ में खुला राज: बिदुपुर में छापेमारी कर 2 अन्य गिरफ्तार
पुलिस ने घायल रोहित का प्राथमिक उपचार कराने के बाद जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का खुलासा किया. रोहित की निशानदेही पर पुलिस ने बिदुपुर में नीतीश कुमार के ठिकाने पर छापेमारी कर उसे दबोच लिया. नीतीश के घर से चोरी की दो मोटरसाइकिलें—एक नीले रंग की होंडा शाइन और एक काले रंग की सुपर स्पलेंडर बरामद हुईं.
गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों लाल दास भगत और लक्ष्मण कुमार (दोनों निवासी: थाना बिदुपुर) को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इनके पास से एक काले-लाल रंग की हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की.
पार्ट्स बदलकर बेचते थे वाहन, सभी आरोपी भेजे गए जेल
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि यह गिरोह संगठित तरीके से काम करता था. ये लोग मास्टर चाबी से बाइक उड़ाते थे और फिर पुलिस व मालिक से पहचान छिपाने के लिए गाड़ियों के पार्ट्स बदलकर उन्हें बाजार में ठिकाने लगाते थे.
नगर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों—रोहित कुमार, नीतीश कुमार, लाल दास भगत और लक्ष्मण कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया है. पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास और अन्य संपर्कों का पता लगा रही है.
