दहशत फैलाने के उद्देश्य से बदमाशों ने पूर्व मुखिया के घर के पास की फायरिंग व बमबारी

वैशाली के जंदाहा में बदमाशों ने पूर्व मुखिया के घर के पास फायरिंग और बमबारी की। पुलिस ने मौके से जिंदा बम बरामद किया, मामले की जांच जारी है।

Hajipur News : जंदाहा थाना क्षेत्र के मकुंदपुर भाथ गांव स्थित दुर्गा मंदिर के पास बदमाशों ने लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग तथा बमबारी की. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया. ग्रामीणों ने घटना की सूचना जंदाहा थाना की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच में जुट गयी. घटना की जानकारी मिलने पर महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार भी मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने मौके से एक खोखा, एक जिंदा बम तथा एक विस्फोट बम का मलबा बरामद किया है. वरीय अधिकारी के निर्देश पर मौके पर पहुंची बम स्क्वायड की टीम ने जिंदा बम को निष्क्रिय कर दिया. वहीं मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य इकट्ठा किया है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. वहीं एसडीपीओ ने थानाध्यक्ष को बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए है.

-बाइक सवार बदमाशों ने किया फायरिंग व किया बम ब्लास्ट

स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार की देर रात दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से पूर्व मुखिया के घर के निकट काली स्थान के पास पहले दो राउंड फायरिंग की. बताया गया कि बदमाशों ने फायरिंग के बाद बम ब्लास्ट किया. फायरिंग तथा बम फटने की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल कायम हो गया. धमाका सुनकर गांव के लोग घर से बाहर निकल गए. लोगों को आते देख सभी बदमाश मौके से ग्रामीण सड़क की ओर फरार हो गए. लोगों ने घटना की सूचना जंदाहा थाना की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गयी. पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर कार्रवाई में जुटी है.

-चार लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज

घटना को लेकर स्थानीय अरविंद राय ने चार लोगों के विरुद्ध नामजद तथा दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस को दिए आवेदन में बताया गया है कि पूर्व के विवाद को लेकर छह बदमाशों ने घर के पास स्थित दुर्गा मंदिर के पास रविवार की देर रात डेढ़ बजे के करीब फायरिंग एवं बमबारी की है. घर से निकलने के बाद सभी बदमाश फरार हो गए. मौके से पुलिस ने एक खोखा, एक जिंदा बम व एक फटे बम का मलबा बरामद किया है. इस मामले में पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है. मौके पहुंचे एसडीपीओ ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर थानाध्यक्ष एवं पुलिस निरीक्षक विजय कुमार सिंह को कई आवश्यक निर्देश दिए है. पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

-क्या कहते एसडीपीओ

इस संबंध में महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि जंदाहा थाना क्षेत्र के एक गांव में देर रात फायरिंग एवं बमबारी की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की गयी है. जांच में प्रथम दृष्टया दो पक्षों में विवाद के कारण होना प्रतीत हो रहा है. दोनों पक्षों की ओर से पूर्व में भी मामला दर्ज है. पुलिस सभी बिंदुओं को केंद्र में रख कर जांच कर रही है. जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी. मौके से एक जिंदा बम तथा खोखा बरामद किया गया है. मामला संदिग्ध लग रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sunil kumar choudhary

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >