हाजीपुर: संबद्ध कॉलेजों के शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की मांग, मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं से मिले डॉ अभय नाथ सिंह

डॉ अभय नाथ सिंह ने बिहार के संबद्ध कॉलेजों के शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मंत्रियों और भाजपा नेताओं से मुलाकात कर विशेष अनुरोध किया है.

Hajipur News: संबद्ध मैट्रिक, इंटर एवं डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र, मुजफ्फरपुर के पूर्व प्रत्याशी डॉ अभय नाथ सिंह ने बिहार सरकार के मुख्यमंत्री, मंत्रियों एवं विभिन्न राजनीतिक पदाधिकारियों से मुलाकात कर अनुरोध किया है. उन्होंने शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों से उन्हें अवगत कराया.

डॉ अभय नाथ सिंह ने बताया कि बिहार सरकार संबद्ध कॉलेजों के अधिग्रहण के लिए विभागीय स्तर पर कार्य कर रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री विधानसभा में इससे संबंधित घोषणा कर सकते हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 से वेतन जोड़कर मिलने की संभावना भी व्यक्त की जा रही है.

डिग्री कॉलेजों के नियंत्रण को लेकर जताई चिंता

डॉ अभय नाथ सिंह ने बताया कि वर्ष 1988 में विश्वविद्यालय से इंटर की पढ़ाई को अलग किया गया था और अब डिग्री कॉलेजों को अलग करने की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने कहा कि यदि डिग्री कॉलेजों को विश्वविद्यालय और राजभवन के नियंत्रण से हटाया जाता है, तो शिक्षकों को कई प्रकार की प्रशासनिक और सेवा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.

उन्होंने आशंका जताई कि इस व्यवस्था के लागू होने के बाद पूरे बिहार के डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों का कहीं भी तबादला किया जा सकता है. उनका कहना है कि प्रस्तावित संशोधन शिक्षक हितों के प्रतिकूल है.

कई नेताओं और मंत्रियों को सौंपा ज्ञापन

डॉ अभय नाथ सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, मोतिहारी सांसद राधा मोहन सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी तथा बिहार सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, संजय पासवान और रमा निषाद समेत अन्य नेताओं से मुलाकात की.

इस दौरान उन्होंने अपनी स्वरचित पुस्तक "दैनिक दिनचर्या" भेंट करते हुए संबद्ध कॉलेजों के शिक्षकों की समस्याओं और मांगों से उन्हें अवगत कराया तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Abhishek shaswat

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >