Hajipur Crime News : गंगा ब्रिज थाना पुलिस ने अपराध की एक बड़ी योजना को विफल करते हुए महात्मा गांधी सेतु के पुराने टोल प्लाजा के पास से एक कुख्यात बदमाश को लोडेड देसी कट्टा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
कार्रवाई के दौरान एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान नगर थाना क्षेत्र के जढ़ुआ निवासी दीपक कुमार उर्फ बाबा उर्फ मनीष कुमार के रूप में हुई है. वहीं फरार आरोपित गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के छौकिया निवासी पिंटू कुमार बताया गया है. दोनों के खिलाफ गंगा ब्रिज थाना में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
गंगा ब्रिज थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि महात्मा गांधी सेतु के पुराने टोल प्लाजा के पीछे चकजलाल स्थित झाड़ियों में दो अपराधी अवैध हथियार के साथ छिपे हुए हैं. सूचना के आधार पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. पुलिस वाहन को मुख्य सड़क पर रोककर टीम पैदल ही घटनास्थल तक पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी.
लोडेड कट्टा और कारतूस बरामद
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक पेड़ के पास बैठे दो संदिग्धों को देखा. पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर दीपक कुमार को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी भागने में सफल रहा. तलाशी के दौरान गिरफ्तार बदमाश के पास से एक लोडेड देसी कट्टा और कारतूस बरामद किया गया.
राहगीरों से लूटपाट की थी तैयारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने स्वीकार किया है कि वह अपने साथी के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग के सुनसान इलाकों में राहगीरों को हथियार के बल पर लूटने की योजना बना रहा था. पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की आगे की जांच में जुटी है.
