Vaishali School Theft: महुआ थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मंगुराही में चोरों ने सोमवार की रात धावा बोलकर पंखे समेत अन्य सामानों की चोरी कर ली. घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह विद्यालय खुलने पर मिली. विद्यालय प्रबंधन ने घटना की सूचना पुलिस को दी है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.
ताला तोड़कर चार पंखे और कॉपी ले गये चोर
जानकारी के अनुसार, चोरों ने विद्यालय के वर्ग कक्ष का ताला तोड़कर चार पंखे, बिजली बोर्ड, चार बंडल कॉपी समेत अन्य सामान चोरी कर लिये. मंगलवार की सुबह जब प्रभारी प्रधानाध्यापक संतोष कुमार यादव विद्यालय पहुंचे, तो वर्ग कक्ष का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर जाने पर छत के पंखे और अन्य सामान गायब मिले. इसके बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक ने घटना की सूचना महुआ थाना पुलिस को दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
घर में भी चोरी से ग्रामीणों में नाराजगी
इधर, महुआ सिंहराय पश्चिमी गांव में भी चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. स्थानीय राहुल कुमार सिंह ने बताया कि घर में हुई चोरी की घटना की सूचना थाना को दी गयी है. क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आये दिन चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है.
जल्द गिरफ्तारी का थानाध्यक्ष ने दिया भरोसा
इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि विद्यालय और घर में हुई चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे हैं और छानबीन में जुटे हैं. उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
