वैशाली: महुआ के युवक विक्की कुमार की बंगाल में संदिग्ध मौत, छठ में घर आने की कही थी बात

पश्चिम बंगाल में काम करने गए महुआ के कढ़निया गांव के विक्की कुमार की संदिग्ध मौत से परिजनों में मातम छा गया है. विक्की ने छठ पूजा में घर आने का वादा किया था, जिससे परिवार को गहरा सदमा लगा है.

West Bengal Death News: महुआ थाना क्षेत्र की फुलवरिया पंचायत के कढ़निया गांव निवासी एक युवक की पश्चिम बंगाल में संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई. युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की पत्नी, मां, सास-ससुर समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना के बाद गांव में भी मातम छा गया.

जानकारी के अनुसार फुलवरिया पंचायत के कढ़निया गांव, वार्ड संख्या-2 निवासी चंद्रदेव राय के 32 वर्षीय पुत्र विक्की कुमार करीब दो महीने पहले मेहनत-मजदूरी करने पश्चिम बंगाल गए थे. बताया गया कि वह अपने पिता चंद्रदेव राय के साथ वहां रहकर काम करते थे. 15 सितंबर 2026 को पश्चिम बंगाल के जंजीराबाद में विक्की की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई.

फांसी लगाने की बात सामने आई, पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा कारण

ग्रामीण सूत्रों के अनुसार विक्की द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.

मोबाइल फोन के माध्यम से विक्की के पिता चंद्रदेव राय ने घर पर घटना की सूचना दी. खबर मिलते ही मृतक की पत्नी रंगीता देवी, मां सुरभि देवी, ससुर गणेश राय समेत अन्य परिजनों में चीख-पुकार मच गई.

ढाई साल पहले हुई थी शादी

परिजनों के अनुसार करीब ढाई वर्ष पूर्व विक्की की शादी घर के बगल स्थित गोरीगामा गांव निवासी रंगीता देवी के साथ हुई थी. शादी के बाद दोनों पति-पत्नी साथ रह रहे थे. इस वर्ष 14 सितंबर को रंगीता देवी ने हरितालिका तीज का व्रत रखा था. उसी दिन मोबाइल फोन पर उनकी विक्की से बातचीत भी हुई थी. बातचीत के दौरान विक्की ने बताया था कि वह बाजार में कुछ खरीदारी कर रहे हैं. इसके अगले ही दिन 15 सितंबर की रात परिवार को उसकी मौत की खबर मिली.

छठ में घर आने की कही थी बात

मृतक के ससुर गोरीगामा निवासी गणेश राय ने बताया कि विक्की अपने पिता के साथ बंगाल में रहकर मेहनत-मजदूरी करते थे. दो दिन पहले ही मोबाइल फोन पर विक्की से उनकी बातचीत हुई थी. उस दौरान विक्की ने छठ पूजा में घर आने की बात कही थी. अचानक उसकी मौत की खबर मिलने से परिवार में मातम छा गया.

शव घर लाने के लिए थाने पहुंचे परिजन

घटना के बाद फुलवरिया पंचायत के मुखिया सुकेश्वर दास के साथ परिजन महुआ थाना पहुंचे और बंगाल पुलिस से मृतक का शव उपलब्ध कराने की मांग की. मृतक की पत्नी रंगीता देवी के आवेदन के आधार पर महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद से मामले को लेकर बातचीत की गई.

थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवेदन को ईमेल के माध्यम से संबंधित बंगाल पुलिस को भेजा. साथ ही मृतक के शव को उसके पिता चंद्रदेव राय को सौंपने के लिए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दिलीप कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >