वैशाली: महुआ में 9 घंटे बिजली गुल, सिंघाड़ा फीडर का 11 हजार वीसीबी खराब होने से मचा हाहाकार

महुआ विद्युत सब स्टेशन में सिंघाड़ा फीडर का VCB खराब होने से मंगलवार को घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी हुई. बिजली बाधित रहने से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई.

Vaishali Power Outage: महुआ विद्युत सब स्टेशन में सिंघाड़ा फीडर का 11 हजार वीसीबी खराब हो जाने से मंगलवार को घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही. इस दौरान उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट की स्थिति भी उत्पन्न हो गयी.

वीसीबी खराब होने से तीन फीडरों की बिजली आपूर्ति ठप

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की दोपहर महुआ विद्युत सब स्टेशन में सिंघाड़ा फीडर का 11 हजार वीसीबी खराब हो गया. इसके कारण सिंघाड़ा वन, टू और चांदसराय फीडर क्षेत्रों में तीन से चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. विभाग की ओर से सूचना मिलने के बाद महुआ पहुंची एमआरडी टीम ने खराब वीसीबी को ठीक किया. इसके बाद बंद फीडरों को चालू किया गया, लेकिन सिंघाड़ा टू फीडर में कई जगह जम्फर कट गया.

देसरी मार्ग में 9 घंटे तक गुल रही बिजली

जम्फर कटने के कारण देसरी मार्ग में मंगलवार की दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक करीब नौ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही. इससे मिर्जानगर, हरपुर, भदवास, अलीपुर मुकुंद, बाजितपुर सहित अन्य गांवों के उपभोक्ताओं को परेशानी हुई. लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से उपभोक्ताओं ने विभाग के प्रति नाराजगी जतायी. वहीं, बुधवार को भी सुबह से दोपहर तक बिजली की आंख-मिचौली जारी रही.

मोटर और समरसेवल बंद, पेयजल संकट गहराया

अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मोटर और समरसेवल बंद हो गये. इससे पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गयी. पानी के लिए लोगों को चापाकलों का सहारा लेना पड़ा. स्थानीय लोगों ने विभाग से बिजली आपूर्ति से जुड़ी गंभीर समस्याओं को जल्द दूर कराने की मांग की है. साथ ही समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.

क्या कहते हैं पदाधिकारी

इस संबंध में सहायक विद्युत अभियंता किरण भारती ने बताया कि मंगलवार की दोपहर अचानक वीसीबी खराब हो जाने के कारण सिंघाड़ा वन, टू और चांदसराय फीडर में तीन से चार घंटे विद्युत आपूर्ति ठप हो गयी थी. वीसीबी को ठीक कराने के बाद लाइन चालू की गयी. इसके बाद सिंघाड़ा टू फीडर में कई जगहों पर लोड बढ़ने से जम्फर कट गया, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी हुई.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दिलीप कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >