Vaishali News: भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास का महापर्व रक्षाबंधन निकट आते ही वैशाली जिले के महुआ प्रखंड क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल चरम पर पहुंच गया है. त्योहार को लेकर महुआ मुख्य बाजार से लेकर ग्रामीण इलाकों के चौक-चौराहों तक दर्जनों छोटी-बड़ी राखियों की दुकानें सज गई हैं. पर्व की पूर्व संध्या पर खरीदारी के लिए बाजारों में महिलाओं और युवतियों की भारी भीड़ उमड़ रही है. इस बार के बाजार में विशेष रूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता से मंगवाई गई कलात्मक और रंग-बिरंगी राखियां बहनों के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं.
10 से 250 रुपये तक उपलब्ध हैं आकर्षक धागे और डिजाइन
स्थानीय राखी विक्रेता रौशन चौधरी, रवि कुमार और पूजा गुप्ता सहित अन्य दुकानदारों ने बताया कि बाजार में ग्राहकों की पसंद और बजट को ध्यान में रखते हुए 10 रुपये से लेकर 250 रुपये तक की रेंज में रेशमी व सूती धागों की आकर्षक राखियां उपलब्ध कराई गई हैं. दुकानदारों के अनुसार, कोलकाता से बनकर आई खास डिजाइन वाली राखियों की फिनिशिंग और रंगों का संयोजन महिलाओं को बेहद पसंद आ रहा है. गुरुवार को इन विशेष राखियों की मांग में अचानक बड़ा उछाल देखा गया, जिसके चलते दुकानों पर दिनभर ग्राहकों का तांता लगा रहा.
ग्रामीण क्षेत्रों में भी सजीं दुकानें, त्योहार की तैयारियां तेज
शहरी बाजार के अलावा प्रखंड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के हाट-बाजारों में भी राखी और उपहारों की दुकानें पूरी तरह सज चुकी हैं. बहनें अपने भाइयों की कलाई सजाने के लिए मनपसंद राखियां, रोली-चंदन और मिठाइयों की खरीदारी में जुटी हैं. दुकानदारों का कहना है कि त्योहार को देखते हुए अच्छी बिक्री की उम्मीद है और देर शाम तक दुकानों पर लगातार खरीदारों की चहल-पहल बनी हुई है.
Also Read: कोनहारा घाट पर 28 अगस्त को होगी भव्य गंगा आरती, जलस्तर बढ़ने को लेकर हाजीपुर नगर परिषद सतर्क
