Hajipur News : लालगंज के करतहां थाना क्षेत्र से कुछ माह पूर्व अपहृत हुई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया. बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक संरक्षण में भेज दिया गया.
अपहरण का मामला था दर्ज
जानकारी के अनुसार करतहाँ थाना कांड संख्या 30/26 के तहत पीड़िता के परिजनों ने अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मामले में घटारो गांव निवासी बबलू कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया था. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.
गुप्त सूचना पर एम्स पटना से बरामदगी
सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर करतहां थाना पुलिस ने पटना स्थित एम्स परिसर में छापेमारी कर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया. इसके बाद उसे थाना लाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई और न्यायालय में प्रस्तुत किया गया.
थानाध्यक्ष ने दी जानकारी
करतहाँ थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि नाबालिग पटना एम्स परिसर में मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया. इसके बाद विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की गई.
