Hajipur News : देसरी. चांदपुरा थाना क्षेत्र की आजमपुर पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित खड़गपुर में बिजली के करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय गुलशन ठाकुर की दर्दनाक मौत हो गई. करंट लगने के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे इलाज के लिए महनार सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. गुलशन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
गाय लाने गया था गुलशन, पानी में दौड़ रहा था करंट
परिजनों के अनुसार, गुलशन की गाय दूसरे स्थान पर चली गई थी. वह गाय को लाने के लिए गया था. इसी दौरान बिजली पोल के पास पानी में करंट प्रवाहित होने से वह उसकी चपेट में आ गया. करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौत हो गई. परिजनों ने बताया कि बिजली के तार पर बांस गिरा हुआ था. इसके बावजूद बिजली विभाग की ओर से उसे हटाने या स्थिति की जांच करने के लिए कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा था.
Also Read : अंतिम सोमवारी पर शिवमय हुआ नवादा, शोभिया समेत सभी मंदिरों में उमड़ी आस्था की भीड़
पुलिस ने शुरू की शव पोस्टमार्टम की प्रक्रिया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया में जुट गई. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने भी बिजली विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है.
Also Read : नवादा: प्राइवेट अस्पताल में महिला की मौत के मामले में 10 हिरासत में, जांच के लिए बनायी जा रही टीम
टोटो चलाकर परिवार का करता था भरण-पोषण
मृतक गुलशन ठाकुर टोटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. वह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चियों को छोड़ गया है. उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है. घटना को लेकर प्रखंड प्रमुख आनंद कुमार समेत अन्य लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
विभाग ने बिना सूचना तार जोड़ने की कही बात
इस संबंध में कनीय विद्युत अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि विभाग को बिना सूचना दिए और लाइन काटे खुद से मंदिर में बाजा बजाने के लिए तार जोड़ने का प्रयास किया जा रहा था. इसी दौरान करंट लगने से युवक की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि कौभार लगे केवल तार से विद्युत आपूर्ति की जाती है.
Also Read : नवादा: एक सप्ताह बाद गोविंदपुर की जलमीनार में लगा नया मोटर, लोगों को मिली राहत
