Hajipur News : वैशाली जिले के जंदाहा बाजार की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गयी है. जंदाहा-समस्तीपुर मुख्य मार्ग स्थित कुशवाहा चौक के समीप हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर जलजमाव हो जाता है. सड़क पर जमा पानी, कीचड़ और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी कई दिनों तक सड़क पर जमा रहता है. इसके बावजूद नगर पंचायत प्रशासन, स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पहल नहीं की जा रही है.
जर्जर सड़क दे रही हादसे को दावत
स्थानीय रत्नेश साह, सुनील जायसवाल, महेंद्र चौधरी, राहुल सिंह आदि ने बताया कि नगर पंचायत और प्रशासन की अनदेखी के कारण वर्षों से चली आ रही जलजमाव की समस्या अब गंभीर रूप ले चुकी है. सड़क पर बने गड्ढे और उनमें जमा पानी दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं. जंदाहा से समस्तीपुर को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही का जरिया है. कुशवाहा चौक के समीप जलजमाव के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है. गड्ढों में पानी भरे रहने से दोपहिया और तीनपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है.
दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित
बाजार के दुकानदारों ने बताया कि सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से ग्राहकों की संख्या कम हो रही है, जिसका सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है. कई दुकानों के सामने गंदा पानी जमा रहने के कारण ग्राहकों को दुकान तक पहुंचने में परेशानी होती है. लंबे समय तक जलजमाव रहने से दुर्गंध भी फैलती है, जिससे आसपास के लोगों में संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है.
शिकायत के बाद भी नहीं हुआ नाला निर्माण
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार में जल निकासी की समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत प्रशासन से नाला निर्माण की मांग की जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक नाला निर्माण नहीं कराया गया और न ही जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था की गयी. लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है. उन्होंने प्रशासन से कुशवाहा चौक के समीप स्थायी नाला निर्माण कराने और जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है.
