Hajipur News: औद्योगिक थाना क्षेत्र के बरई टोला जेठूई गांव निवासी सजन पासवान की पत्नी गीता देवी ने शुक्रवार को सदर अस्पताल में एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया. गीता देवी दहेज प्रताड़ना से जुड़े एक मामले में करीब साढ़े तीन महीने से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं. प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
प्रसव पीड़ा उठने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती
जेल प्रशासन के अनुसार, गिरफ्तारी के समय गीता देवी गर्भवती थीं. प्रसव की संभावित तिथि नजदीक होने के कारण उन्हें समय-समय पर चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल लाया जाता रहा था.
शुक्रवार सुबह अचानक उन्हें तेज प्रसव पीड़ा शुरू हुई. इसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल उन्हें सदर अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती कराया. दोपहर करीब 2:30 बजे उन्होंने सामान्य प्रसव के माध्यम से एक पुत्री को जन्म दिया.
मां और नवजात की हालत सामान्य
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष कुमार रोशन ने बताया कि महिला कैदी का प्रसव सफलतापूर्वक कराया गया है. नवजात बच्ची का वजन भी सामान्य है और मां तथा बच्ची दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं.
उन्होंने बताया कि एहतियातन दोनों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. नियमानुसार 24 घंटे की देखरेख के बाद उन्हें वापस जेल भेजा जाएगा.
जेल प्रशासन ने रखी विशेष निगरानी
जेल अधीक्षक रूपक कुमार ने बताया कि औद्योगिक थाना पुलिस द्वारा न्यायिक हिरासत में भेजी गई महिला कैदी के स्वास्थ्य को लेकर जेल प्रशासन लगातार सतर्क था. प्रसव के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं.
उन्होंने कहा कि मां और नवजात की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य को लेकर जेल प्रशासन पूरी तरह सजग है और चिकित्सकों के निर्देशों के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
