International yoga day 2026: (कैफ अहमद) हाजीपुर के बसावन सिंह इंडोर स्टेडियम में रविवार को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में सदर एसडीओ रामबाबू बैठा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्काउट एवं गाइड के बच्चे, खिलाड़ी, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर योग किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया.
योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में कराया गया अभ्यास
कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम के अभ्यास से हुई. प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया और “करें योग, रहें निरोग” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया.
‘Yoga for Healthy Ageing’ थीम पर दिया गया विशेष जोर
इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” के अनुरूप लोगों को नियमित योग अपनाकर शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया गया. वक्ताओं ने योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन की सबसे प्रभावी जीवनशैली बताया.
एसडीओ रामबाबू बैठा ने किया नियमित योग का आह्वान
सदर एसडीओ रामबाबू बैठा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है. नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव भी दूर होता है और व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है. उन्होंने सभी लोगों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की अपील की.
स्वस्थ समाज निर्माण का दिया संदेश
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, खिलाड़ियों, स्काउट-गाइड के बच्चों और अन्य प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने तथा दूसरों को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा और योग के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया.
इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर केस: औरंगाबाद में निकला विशाल कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच की उठी मांग
