Hajipur Road construction: सदर प्रखंड क्षेत्र के गौसपुर ईजरा वार्ड संख्या-8 में अंबेडकर गेट से स्टेट बोरिंग तक बन रही सड़क का निर्माण कार्य करीब 10 महीने बाद भी पूरा नहीं हो सका है. सड़क निर्माण अधूरा रहने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. समस्या के समाधान के लिए अब तक संबंधित विभाग या जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है.
96 लाख की योजना अधर में
ग्रामीणों के अनुसार करीब 96 लाख रुपये की लागत से 1.3 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया था. निर्माण कार्य शुरू हुए लगभग 10 माह बीत चुके हैं, लेकिन सड़क अब तक पूरी नहीं हो पाई है. आरोप है कि ठेकेदार ने सड़क पर केवल गिट्टी बिछाकर काम अधूरा छोड़ दिया है.
दोपहिया चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर फैली गिट्टी के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. कई बार वाहन फिसलने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है. पैदल चलने वाले लोगों को भी आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है.
ग्रामीणों ने की हस्तक्षेप की मांग
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अधूरे सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि विकास योजनाओं के लिए बड़ी राशि स्वीकृत होने के बावजूद कार्य समय पर पूरा नहीं हो रहा है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है.
गुणवत्ता जांच की भी मांग
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और ठेकेदार की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि सड़क निर्माण में हो रही देरी की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराया जाना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके.
