Hajipur News: नगर थाना क्षेत्र के कौनहारा घाट मोड़ पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 40.61 ग्राम हेरोइन, एक मोबाइल फोन और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है. यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत की गई.
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
पुलिस टीम जैसे ही कौनहारा घाट मोड़ के पास पहुंची, एक युवक पुलिस वाहन को देखकर अपनी बुलेट मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा. पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया.
पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के नखास चौक निवासी मनीष सहनी के रूप में हुई.
100 छोटी डिब्बियों में मिली हेरोइन
तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की जेब से एक काली पॉलीथिन बरामद हुई. पॉलीथिन के अंदर 100 छोटी-छोटी पारदर्शी डिब्बियां रखी थीं, जिनमें हेरोइन भरी हुई थी.
पुलिस ने डिजिटल तराजू से वजन करने पर पॉलीथिन सहित कुल 40.61 ग्राम हेरोइन बरामद की. इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत जब्ती सूची तैयार कर सभी सामानों को जब्त कर लिया गया.
पूछताछ में सामने आया तस्करी नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में आरोपी मनीष सहनी ने खुलासा किया कि उसने यह मादक पदार्थ राहुल कुमार से लिया था और इसे बिमल महतो उर्फ बंठा, निवासी नखास मीठा कुआं, थाना नगर हाजीपुर के पास पहुंचाने जा रहा था.
आरोपी ने बताया कि हेरोइन की खेप पहुंचाने के बदले उसे एक हजार रुपये मिलने वाले थे.
अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. पुलिस मामले में नामजद अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और मादक पदार्थों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
