हाजीपुर समेत वैशाली के कई प्रखंडों में झमाझम बारिश, ऑरेंज अलर्ट के बीच मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित

Hajipur News : वैशाली जिले में शुक्रवार सुबह से लगातार हो रही झमाझम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है. मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट सही साबित हुआ, जिससे कई प्रखंडों में अलर्ट जारी किया गया था.

Hajipur News : वैशाली जिले में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे से हाजीपुर समेत कई प्रखंडों में लगातार बारिश हो रही है. जिले के विभिन्न इलाकों में रुक-रुक कर हो रही बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. हालांकि लगातार वर्षा के कारण कार्यालय, स्कूल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए घर से निकलने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट साबित हुआ सही

बारिश से पहले भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी करते हुए वैशाली जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट (Be Prepared) घोषित किया था. विभाग ने अगले दो से तीन घंटे के भीतर मेघगर्जन, वज्रपात, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई थी. मौसम विभाग का यह पूर्वानुमान सही साबित हुआ और सुबह से ही जिले के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई.

इन प्रखंडों के लिए जारी किया गया था अलर्ट

मौसम विभाग ने वैशाली जिले के देसरी, बिदुपुर, महनार, राघोपुर, राजापाकर, सहदेई बुजुर्ग और हाजीपुर प्रखंडों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया था. इसके अलावा पटना, सारण, सिवान, नालंदा और गोपालगंज के कुछ हिस्सों में भी खराब मौसम की संभावना जताई गई थी.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में नहीं रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की अपील की है. विशेष रूप से वज्रपात की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

बारिश से यातायात प्रभावित, किसानों के लिए राहत

लगातार बारिश के कारण हाजीपुर शहर की कई सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और आवागमन प्रभावित हुआ. वहीं, किसानों के लिए यह बारिश खरीफ फसलों के लिहाज से लाभकारी मानी जा रही है. हालांकि वज्रपात की आशंका को देखते हुए खेतों में काम कर रहे किसानों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है.

प्रशासन ने भी लोगों से की सतर्कता बरतने की अपील

मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर प्रशासन ने भी लोगों से अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. यदि मौसम की स्थिति बिगड़ती है तो लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.

Also Read : अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर हाजीपुर में प्रदर्शन, रेलवे को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kaif ahmed

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >