हाजीपुर में दो दिनों की बारिश ने खोली नगर परिषद की तैयारियों की पोल, सड़कों पर जलजमाव से बढ़ी परेशानी

Hajipur rain: उमस भरी गर्मी के बाद हुई झमाझम बारिश ने हाजीपुरवासियों को राहत दी, लेकिन जलजमाव ने नई मुसीबत खड़ी कर दी है. दो दिनों की बारिश ने नगर परिषद की सफाई और जल निकासी की तैयारियों की पोल खोल दी है, जिससे सड़कों पर झील जैसा नजारा है.

Hajipur rain: पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी का सामना कर रहे शहरवासियों ने मौसम के मेहरबान होने पर राहत महसूस की. शनिवार की रात 11 बजे से हुई झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से तो राहत दी, लेकिन सड़कों पर जलजमाव होने से आवागमन में परेशानी बढ़ गई है. शनिवार की रात से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण शहर की स्थिति बदहाल हो गई है. शहर के कई प्रमुख मार्गों और विभिन्न मुहल्लों-कॉलोनियों की सड़कों पर पानी जमा होने से झील जैसा नजारा देखने को मिल रहा है.

दो दिनों की बारिश ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था और जल निकासी की तैयारियों की भी पोल खोल दी है. शहर के गांधी चौक से अस्पताल रोड, सिनेमा रोड, रामप्रसाद चौक, रामजीवन चौक और मड़ई रोड समेत कई मार्गों पर जलजमाव के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

जलजमाव और कीचड़ से बढ़ा हादसों का खतरा

बारिश के कारण सड़कों पर कीचड़ और पानी जमा होने से लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है. खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की उड़ाही सही तरीके से नहीं कराई गई है. इसके अलावा नालों पर अतिक्रमण जलजमाव की सबसे बड़ी वजह बनता जा रहा है. कई दुकानदारों ने नालों के ऊपर ही दुकानें लगा रखी हैं, जिससे उनकी नियमित सफाई नहीं हो पाती. पानी निकासी की प्रभावी व्यवस्था नहीं होने के कारण शहरी क्षेत्र में जलजमाव की समस्या लगातार बनी हुई है.

नालों पर अतिक्रमण बना बड़ी समस्या

शहर में सफाई और सौंदर्यीकरण के नाम पर नगर परिषद करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है, लेकिन नालों से अतिक्रमण हटाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है. राजेंद्र चौक से गांधी चौक, राजेंद्र चौक से सिनेमा रोड और अस्पताल रोड से थाना चौक तक कई स्थानों पर नालों के ऊपर दुकानदारों का कब्जा है.

कई दुकानदार सुबह से शाम तक नालों के ऊपर दुकानदारी करते हैं और रात में अपना सामान वहीं बांधकर घर चले जाते हैं. इसके कारण नालों की नियमित सफाई नहीं हो पाती है. जबकि नालों के ऊपर अतिक्रमण करना गैरकानूनी है और इसके लिए कानूनी कार्रवाई का प्रावधान भी है.

बरसात में हर साल झेलनी पड़ती है परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की मुकम्मल सफाई और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में नगरवासियों को हर वर्ष जलजमाव की समस्या से जूझना पड़ता है. लोगों ने नगर परिषद से नालों की सफाई कराने और अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में शहरवासियों को राहत मिल सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Devendra gupt

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >