महात्मा गांधी सेतु पर रोजाना जाम से बेहाल लोग, ट्रेन और फ्लाइट पकड़ना भी हुआ मुश्किल

Hajipur Traffic News: हाजीपुर और पटना को जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है. ट्रेन और फ्लाइट छूटने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जबकि लोग स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.

(हाजीपुर से कैफ अहमद की रिपोर्ट)

Hajipur Traffic News: महात्मा गांधी सेतु पर लगने वाले भीषण जाम से लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. इन दिनों प्रतिदिन सुबह सेतु और उससे जुड़े संपर्क मार्गों पर लंबा जाम लग रहा है, जिससे हजारों यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

रामाशीष चौक से पाया संख्या-17 तक वाहनों की लंबी कतार

जाम की स्थिति ऐसी है कि हाजीपुर के रामाशीष चौक से जढ़ुआ तक तथा गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र से पाया संख्या-17 तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं. कई बार पूरा महात्मा गांधी सेतु वाहनों के दबाव के कारण जाम की चपेट में आ जाता है और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है.

ट्रेन और फ्लाइट पकड़ना बना चुनौती

सबसे अधिक परेशानी उन यात्रियों को हो रही है जिन्हें पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल या जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा समय पर पहुंचना होता है। जाम के कारण कई यात्रियों की ट्रेनें छूट रही हैं, जबकि कई लोग मजबूरी में दीघा-सोनपुर रेल-सह-सड़क पुल के रास्ते लंबी दूरी तय कर पटना पहुंच रहे हैं, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं.

भारी वाहनों का बढ़ा दबाव बना बड़ी वजह

स्थानीय लोगों का मानना है कि भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है, जिससे महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है. इसके अलावा उत्तर बिहार से पटना आने-जाने वाले वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि भी जाम का प्रमुख कारण बन रही है.

स्थायी समाधान का इंतजार

प्रशासन समय-समय पर यातायात व्यवस्था सुधारने के प्रयास करता है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। रोजाना लगने वाले जाम से लोगों का समय बर्बाद होने के साथ आर्थिक और मानसिक परेशानी भी बढ़ रही है.

छह लेन पुल परियोजना से जगी उम्मीद

लोगों को उम्मीद है कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल परियोजना शुरू होने के बाद महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होगा और लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलेगी. तब तक हाजीपुर और पटना के बीच यात्रा करने वालों को रोजाना जाम की कठिन परीक्षा से गुजरना पड़ रहा है.

इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में मानसून की दस्तक से बदलेगा मौसम का मिजाज, दक्षिण बिहार में आज के बाद गर्मी से मिलेगी राहत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >