हाजीपुर में चकसिकंदर बाजार से SBI का ATM उखाड़ ले गए बदमाश, कुछ घंटों में बरामद हुई मशीन

Hajipur News : हाजीपुर के चकसिकंदर बाजार से रात में SBI का ATM चोरी हो गया. हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही घंटों में मशीन बोरिया गांव के पास से बरामद हो गई. बदमाश फरार हो गए, लेकिन पुलिस सबूत जुटा रही है.

Hajipur News : वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र स्थित चकसिकंदर बाजार में गुरुवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का एटीएम उखाड़ लिया और उसे अपने साथ ले गए. हालांकि, सराय थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही घंटों के भीतर एटीएम मशीन को सराय थाना क्षेत्र के बोरिया गांव के पास से बरामद कर लिया गया. पुलिस की भनक लगते ही बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस चकसिकंदर से बोरिया तक के मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों और एटीएम के अंदर लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.

एटीएम के पिछले हिस्से को काटने का प्रयास

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने एटीएम मशीन के पिछले हिस्से को काट दिया था. साथ ही एटीएम के चेस्ट बॉक्स को भी निशाना बनाया गया. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मशीन में घटना के समय कितनी नकदी मौजूद थी.

बैंक के आवेदन के बाद दर्ज होगी एफआईआर

घटना की जानकारी मिलने के बाद बैंक के अधिकारी मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने बताया कि बैंक की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी

सराय थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि एटीएम का पिछला हिस्सा बरामद कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Also Read : महुआ में एक कॉल के बाद तीन बैंक खातों से 1.15 लाख रुपये उड़ाए, साइबर ठगी का मामला दर्ज



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek Kumar

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >