Hajipur News (विनय पटेल) : पटेढ़ी बेलसर(वैशाली). बेलसर थाना क्षेत्र के मौना महिमा गांव में विदेशी शराब बरामदगी को लेकर उत्पाद विभाग की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में आ गई है. जिस स्थान पर मध निषेध इकाई (उत्पाद विभाग) हाजीपुर की टीम छापेमारी कर केवल कुछ बोतल विदेशी शराब बरामद होने की बात कहकर लौट गई, उसी जगह से कुछ ही घंटों बाद बेलसर पुलिस ने 10 कार्टन से अधिक विदेशी शराब एवं बीयर बरामद कर पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया है. घटना के बाद उत्पाद विभाग की कार्यशैली पर चर्चाएं तेज हो गई है. जानकारी के अनुसार गुरुवार को मध निषेध इकाई, हाजीपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि मौना महिमा गांव निवासी मुकेश पासवान एवं बसावन पासवान अपने घर में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखे हुए हैं. सूचना के बाद उत्पाद विभाग की टीम एक एसआई के नेतृत्व में गांव पहुंची और दोनों ठिकानों पर छापेमारी की. स्थानीय लोगों के अनुसार उत्पाद विभाग की
पहली कार्रवाई पर सवाल, दूसरी छापेमारी में पुलिस को मिली बड़ी सफलता
टीम ने काफी देर तक तलाशी भी ली, लेकिन कार्रवाई के बाद केवल कुछ बोतल शराब बरामद होने की बात कही गई और टीम वापस लौट गई.बताया जाता है कि सूचना देने वाले व्यक्ति को उत्पाद विभाग की कार्रवाई पर शुरुआत से ही संदेह था. उसका आरोप है कि मौके पर बड़ी मात्रा में शराब मौजूद थी, लेकिन पूरी खेप जब्त नहीं की गई. इसके बाद उसने बेलसर पुलिस को अलग से सूचना दी कि अवैध शराब अब भी छिपाकर रखी गई है.सूचना मिलते ही बेलसर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोबारा छापेमारी की.
शराब की बड़ी खेप मिलने से संदेह के घेरे में उत्पाद विभाग की छापेमारी
पुलिस की कार्रवाई में वहां से 10 कार्टून से अधिक विदेशी शराब एवं बीयर बरामद हुई.इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने के बाद उत्पाद विभाग की पहली छापेमारी पर सवाल खड़े हो गए हैं. ग्रामीणों के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि आखिर उत्पाद विभाग की टीम को इतनी बड़ी खेप क्यों नहीं मिली.ग्रामीणों में यह भी चर्चा है कि छापेमारी में लापरवाही बरती गई या फिर जानबूझकर बड़ी खेप को नजरअंदाज किया गया. हालांकि उत्पाद विभाग की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.इधर बेलसर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि मौना महिमा गांव निवासी मुकेश पासवान एवं बसावन पासवान के विरुद्ध मध निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
Also Read : Gopalganj News: अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित
