Hajipur News:(मनोहर कुमार) नल जल ऑपरेटर संघर्ष समिति देसरी की बैठक दिनेश्वर नाथ मंदिर परिसर में आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न मांगों को लेकर गंभीर चर्चा के बाद आज से प्रखंड के सभी नल जल ऑपरेटरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया. इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी देसरी को औपचारिक पत्र भी सौंपा गया है.
नल जल ऑपरेटरों ने उठाई लंबित भुगतान की मांग
ऑपरेटरों का कहना है कि नल जल योजना के तहत कार्यरत कर्मियों की स्थिति लगातार दयनीय होती जा रही है. महंगाई बढ़ने के बावजूद मानदेय और श्रम सेवा की राशि लंबे समय से लंबित है.
बैठक में बताया गया कि—
- ऑपरेटरों को अभी तक स्थायी करने की कोई ठोस पहल नहीं हुई है.
- श्रम सेवा की राशि का स्पष्ट निर्धारण नहीं किया गया है.
- पंचायती राज विभाग और पीएचडी के संवेदकों द्वारा मनमाने तरीके से आंशिक भुगतान किया जा रहा है.
- कई ऑपरेटरों को अब तक पूरी राशि नहीं मिली है.
संवेदकों पर गंभीर आरोप
ऑपरेटरों ने आरोप लगाया कि पीएचडी के ठेकेदार द्वारा मानदेय भुगतान को लेकर अनावश्यक शर्तें लगाई जा रही हैं, जिससे कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बिहार प्रदेश नल जल अनुरक्षण संघ के आह्वान पर हड़ताल
बैठक में कहा गया कि बिहार प्रदेश नल जल अनुरक्षण संघ के आह्वान पर देसरी प्रखंड के सभी पंप ऑपरेटर आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे.
बैठक में कई ऑपरेटर रहे शामिल
इस बैठक में राकेश कुमार सिंह, प्रेम नाथ सिंह, उमेश कुमार, डिंपल देवी, अशोक कुमार, बिपिन कुमार, राज कुमार गुप्ता, मनीष कुमार, पप्पू कुमार यादव सहित कई अन्य ऑपरेटर उपस्थित रहे.
प्रशासन पर बढ़ा दबाव
हड़ताल के फैसले के बाद स्थानीय प्रशासन और विभागीय अधिकारियों पर जल्द समाधान निकालने का दबाव बढ़ गया है.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में पारा स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर का आज उद्घाटन, जानें क्या होंगी सुविधाएं
