Hajipur News (कृत्यानंद सिंह) : भीषण गर्मी में बढ़ती अगलगी की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम को लेकर महनार अग्निशमन विभाग की ओर से क्षेत्र में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुवार को अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह एवं सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी संतोष यादव के नेतृत्व में महमदपुर और नौरंगपुर गांव में घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक किया गया. अभियान के दौरान अग्निशमन टीम ने ग्रामीणों को हीट वेव के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा के उपायों की विस्तृत जानकारी दी. लोगों को बताया गया कि अत्यधिक गर्मी के समय अनावश्यक धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी का सेवन करें तथा घरों में सुरक्षित तरीके से बिजली उपकरणों का उपयोग करें.
आग लगने पर घबराने नहीं बल्कि तुरंत सूचना देने की अपील
इसके साथ ही अगलगी की घटनाओं से बचाव के लिए पूर्व सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया. टीम ने बताया कि गैस सिलेंडर, बिजली वायरिंग और ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय त्वरित रूप से सुरक्षित दूरी बनाकर अग्निशमन विभाग को सूचना देने की अपील की गई. अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को आपदा की स्थिति में सतर्क और तैयार रखना है, ताकि संभावित नुकसान को न्यूनतम किया जा सके और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
Also Read : वैशाली में कांग्रेस की रणनीतिक बैठक, गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर
