लालगंज में खरीफ फसल महाअभियान के तहत किसान प्रशिक्षण कार्यशाला, योजनाओं की जानकारी दी गई

Hajipur News: वैशाली जिले के लालगंज किसान भवन में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय खरीफ फसल महाअभियान सह महोत्सव के तहत कार्यशाला सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया. इसका उद्घाटन स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम में किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं, डिजिटल माध्यमों, कृषि जन चौपाल और फार्मर रजिस्ट्रेशन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई.

Hajipur News (लालगंज से सुशील कुमार सिंह की रिपोर्ट): वैशाली जिले के लालगंज किसान भवन में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय खरीफ फसल महाअभियान सह महोत्सव के अवसर पर एक विशेष कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण का भव्य आयोजन किया गया. इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में लालगंज विधायक संजय कुमार सिंह, प्रमुख सुधा देवी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार सिंह, मुखिया संघ अध्यक्ष गणेश राय, आत्मा के उप परियोजना निदेशक सियाराम साहू, जिला उद्यान पदाधिकारी शशांक कुमार, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण आलोक कुमार, कृषि समन्वयक सुनील कुमार, अरविंद कुमार वर्मा, राजेश कुमार सहित प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, कृषि सलाहकार, एटीएम और क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.

योजनाओं में पारदर्शिता आने से हो रहा किसानों का विकास: विधायक

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन लालगंज विधायक संजय कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों के हित में दिए जा रहे योगदान और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से चर्चा की. विधायक ने कहा कि हमारे देश के किसानों का लगातार विकास हो रहा है. उन्हें समय-समय पर खाद, बीज और अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. पहले की अपेक्षा अब किसान और सरकारी योजनाओं के बीच पारदर्शिता काफी बढ़ गई है. आने वाले दिनों में फार्मर रजिस्ट्रेशन ही किसानों की मूल और महत्वपूर्ण पहचान होगी, जिसके माध्यम से वे आगे बढ़ सकेंगे. इस कार्य को सफल बनाने में जिला प्रशासन से लेकर प्रखंड स्तर के कृषि पदाधिकारियों और कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है.

सरकारी ऐप और पोर्टल से खेती हुई आसान

महोत्सव का संचालन करते हुए आत्मा के उप परियोजना निदेशक सियाराम साहू ने सरकार द्वारा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही खाद, बीज एवं अन्य सुविधाओं के बारे में बारीकी से जानकारी दी. उन्होंने योजनाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाते हुए कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रखंड, पंचायत और प्रदेश स्तर पर निरंतर प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के समय में कृषि तकनीक में काफी बदलाव आया है. अब सरकारी पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से सभी प्रकार की सुविधाएं व जानकारियां मुहैया कराई जा रही हैं. बीज बोने, पौधा रोपने या प्रशिक्षण से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं अब डिजिटल और पारदर्शी हो चुकी हैं.

11 से 25 जून तक आयोजित होगी कृषि जन चौपाल

अधिकारियों ने जानकारी दी कि आगामी 11 से 25 जून तक विशेष कृषि जन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है. इसके तहत प्रखंड कृषि कार्यालय के पदाधिकारी प्रत्येक पंचायत में जाकर ‘कृषि बचाव अभियान’ की शुरुआत करेंगे. इस चौपाल में किसानों को पारंपरिक खेती के बजाय व्यावसायिक खेती करने और बेहतर कमाई करने के गुर सिखाए जाएंगे. जो किसान व्यावसायिक खेती करना चाहते हैं, उन्हें विशेष कृषि प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षित किसानों से यह भी अपील की गई कि वे अपनी जानकारी पाठशाला के माध्यम से अन्य किसानों के साथ साझा करें, ताकि क्षेत्र में व्यावसायिक खेती को बढ़ावा मिले और किसानों की आमदनी चौगुनी हो सके. आवश्यकतानुसार किसानों को कृषि यांत्रिकीकरण की जानकारी भी दी जाएगी.

केले की नई प्रजाति और फार्मर रजिस्ट्रेशन पर जोर

कार्यशाला में किसानों को बताया गया कि अब जी 9 चिनिया और मालभोग प्रजाति के केले के पौधे भी उपलब्ध करा दिए गए हैं. किसान सरकार द्वारा जारी ऐप के माध्यम से इसकी पूरी जानकारी ले सकते हैं. हालांकि, इन सभी सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को सबसे पहले फार्मर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा. जिन्होंने अब तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे जल्द से जल्द इसे पूरा कर लें. इसके साथ ही जिन किसानों के नाम से जमीन की जमाबंदी नहीं है या जिन्होंने पूर्व में आवेदन किया है, उसकी भी जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है और विभाग द्वारा इस पर किसान हित में तेजी से कार्य किया जा रहा है.

Also Read: 2 करोड़ का बंगला, थार और जेवरात, प्यून से अकाउंटेंट बने शख्स ने खड़ा कर लिया करोड़ों का साम्राज्य, अधिकारी हैरान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >